Friday, March 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशछह वर्ष पूर्व दूर की कौड़ी थी उप्र में निवेश : मुख्यमंत्री...

छह वर्ष पूर्व दूर की कौड़ी थी उप्र में निवेश : मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छह वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश में निवेश दूर की कौड़ी थी। लचर कानून व्यवस्था के चलते लोग यहां उद्योग लगाने, कारोबार करने में डरते थे। जब उद्यमी और व्यापारी ही सुरक्षित नहीं थे तब उनकी पूंजी कैसे सुरक्षित रहती। बाहर से निवेशकों का यहां आना तो दूर, यहां के उद्यमी-व्यापारी भी भाग रहे थे। पर, छह सालों में यूपी की कानून व्यवस्था पूरे देश में नजीर बनी है। हर निवेशक यूपी आना चाहता है, अधिकाधिक निवेश करना चाहता है। फरवरी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिला 36 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव इसका प्रमाण है।

मुख्यमंत्री योगी शनिवार को गीडा सेक्टर 26 में मेसर्स केयान डिस्टलरीज प्राइवेट लिमिटेड के 1200 करोड़ रुपये के निवेश वाले एथेनाल व ईएनए प्लांट का भूमिपूजन व शिलान्यास करने के बाद यहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि छह साल पहले सपा-बसपा की सरकारों में यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट था। यहां के नौजवानों को देश में कोई ठौर ठिकाना नहीं था।

उन्होंने कहा कि फरवरी माह में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर 10 लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया था लेकिन यूपी में निवेश के प्रति बढ़े आकर्षण से 36 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। इस निवेश से एक करोड़ नौजवानों को नौकरी व रोजगार की सुविधा मिलेगी। यूपी के नौजवानों को मुंबई, पंजाब, सूरत या बेंगलुरु जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उसे अपने ही जिले में रोजगार मिल जाएगा।

ग्रीन एनर्जी का नया केंद्र के होगा सहजनवा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नए एथेनाल प्लांट की शुरुआत होने से सहजनवा का विकास ग्रीन एनर्जी के नए केंद्र के रूप में होगा। ग्रेन बेस्ड एथेनाल प्लांट लगने से अन्नदाता किसानों की आमदनी तो कई गुना बढ़ेगी ही, ऊर्जा व पेट्रोलियम के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी। यही नहीं पेट्रो पदार्थों के लिए विदेश जाने वाला पैसा किसानों को जेब मे जाएगा। किसान समृद्ध होंगे। देश समृद्ध होगा। किसानों को वेस्ट से भी कमाई होगी।

सपा सरकार यहां लगाना चाहती थी बूचड़खाना

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सहजनवा के भीटी रावत में आज एथेनाल प्लांट लगने जा रहा है। उन्होंमे सपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यहाँ 10 वर्ष पूर्व सपा सरकार बूचड़खाना लगाना चाहती थी। विरोध हुआ आंदोलन करके उसे रोका गया। अगर यहां सपा सरकार का थोपा बूचड़खाना का कलंक होता तो अन्य कोई उद्योग नहीं लग पाता।

रोजगार और विकास का संगम है सहजनवा-गीडा में निवेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहजनवा और गीडा में निवेश, रोजगार व विकास कार्यों का संगम देखने को मिल रहा है। अकेले भीटी रावत में 207 एकड़ में औद्योगिक विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। 25 एकड़ में गारमेंट पार्क का भी निर्माण किया जा रहा है। दुनिया में गारमेंट उत्पादों की काफी मांग है और यदि महिलाओं को प्रशिक्षित कर इस सेक्टर से जोड़ दिया जाए तो घरेलू कामकाज निपटाते हुए भी महिला 10000 से 15000 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त आय अर्जित कर सकती है। गारमेंट पार्क के लिए 101 भूखंडों का विकास किया जा रहा है। इसके साथ ही गारमेंट सेक्टर के लिए फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स भी बनाया जा रहा है। 92 यूनिटों वाले प्लास्टिक पार्क का विकास किया जा रहा है।

कांग्रेस-सपा जब भी मिलती हैं, अनर्थ ही करती है

दक्षिणांचल में औद्योगिक विकास को लेकर तैयार की जा रही परियोजना का जिक्र करने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व सपा जब भी मिलती हैं, तब अनर्थ ही करती हैं। जनता के पैसे से धुरियापार में चीनी मिल लगा दी गई जबकि वहां एक डंठल गन्ना पैदा नहीं होता। वह मिल एक दिन भी नहीं चली और कंडम हो गई। सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार धुरियापार में 8385 एकड़ में नया औद्योगिक नगर बसाने जा रही है।

अब दुनिया के लोगों का भारत के प्रति नजरिया बदला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब दुनिया के लोगों का भारत के प्रति नजरिया बदला है। भारत विकास के नए-नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। आज अपना देश दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आजादी के अमृत वर्ष महोत्सव में दुनिया की सर्वाधिक अर्थव्यवस्था, सैन्य शक्ति व रिसर्च की ताकत पर अधिकार रखने वाले जी-20 के देशों की अगुवाई का अवसर देश को प्राप्त हुआ है।

डॉ. आमोदकांत/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular