लखनऊ (हि.स.)। छठ पर्व को लेकर पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ने जिलों के सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि नदी, तालाब, जलाशय पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम रखा जाये।
डीजीपी ने कहा कि इस पर्व पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ होती है। इसके मद्देनजर पुलिस प्रबन्ध,यातायात, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाये।। इस अवसर पर कोविड-19 के प्रोटोकाल का भी पालन हो। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और सड़क मार्ग पर आवश्यक प्रबंध कर लिया जाये। महिला पुलिस कर्मियों की सादे वस्त्रों में भी ड्यूटी लगाई जाये।
इसके साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यम जैसे ट्विटर, व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफार्मों पर नजर बनायी रखी जाये। सोशल मीडिया पर आने वाली अफवाहों का फौरन खंडन कर ऐसा करने वाले दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लायी जाये।
