– पिता को जबरन शराब पिलाने के विरोध पर की गई थी कारीगर की हत्या
लखनऊ(हि.स.)। चौक थाना क्षेत्र में पिता को जबरन शराब पिलाने का विरोध करने पर मोहल्ले के रहने वाले दो युवकों ने मिलकर जरदोजी कारीगर सोनू की हत्या कर दी थी। पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर हत्या का खुलासा करते हुए दो हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी प्रशांत मिश्र ने बताया कि चौक में शुक्रवार की शाम को जरदोजी कारीगर शाहिद मिर्जा उर्फ सोनू (28) की हत्या कर दी गई थी। पहले उसका सिर कुचला गया, फिर गला रेतकर शव फूलमंडी के पास नाले में फेंक दिया गया। घरवालों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर ही हत्या का खुलासा करते हुए सोनू हुसैन उर्फ बकरीदी और चन्द्र प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घरवालों ने यह आरोप लगाया था कि मोहल्ले में रहने वाले आरोपित बकरीदी और चन्द्र प्रकाश उर्फ चंदू ने शाहिद के पिता अकबर जबरन शराब पिला दी थी। इसका विरोध करने पर आरोपितों से झगड़ा हुआ था। इसी बात की रंजिश रखते हुए दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रच ली। माफी मांगने का नाटक कर दोनों आरोपितों ने सोनू को अपने साथ फूलमंडी ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने साेनू की हत्या के आरोप में दोनों आरोपितों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
दीपक
