Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचोलापुर के दो गांवों में जंगली सूअर का आतंक, 10 ग्रामीणों को...

चोलापुर के दो गांवों में जंगली सूअर का आतंक, 10 ग्रामीणों को काटकर किया घायल

वाराणसी (हि.स.)। जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर और गड़सरा गांव में एक जंगली सुअर आतंक मचाये हुए है। भटक कर आबादी में घुसे जंगली सूअर ने शुक्रवार को दस ग्रामीणों को काटकर घायल कर दिया। सूचना पर वन विभाग के अफसर, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी गांव में पहुंच गई। घायल ग्रामीणों को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भेजा गया। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए उनके परिजन निजी अस्पताल में ले गये।

ग्रामीणों ने बताया कि अलसुबह एक जंगली सुअर अचानक गांव में पहुंच गया। इस दौरान जो भी उसके सामने आया उसे काट कर घायल कर दिया। यह देख पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने साहस दिखाकर सुअर को भगाने की कोशिश की तो उसने दौड़़ा कर लोगों पर हमला बोल दिया। यह देख डरी महिलाओं ने बच्चों को बचाने के लिए अपने घर के दरवाजे को बंद कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची क्षेत्रीय पुलिस ने घायल डब्ल्यू (45), सूबेदार (50), राधिका (30), नन्हकी देवी (60), राम खेड़ा (50), मोनू (20), जग्गू (40), बबलू सोनकर (30), गुड्डू सोनकर (32), नत्थू सोनकर (50) को ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए भिजवाया। वन विभाग की टीम जंगली सुअर को पकड़ने में जुट गई है। क्षेत्रीय पुलिस अफसरों ने गांव में लाउड हेलर से कहा कि जब तक जंगली सुअर को वन विभाग की टीम पकड़ न ले महिलाएं और बच्चे घर से बाहर न निकले।

RELATED ARTICLES

Most Popular