कानपुर (हि.स.)। जनपद के आउटर थाना क्षेत्र घाटमपुर के शीतलपुर गांव में रविवार उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब चोरों ने घर मे घुसकर नकदी समेत लाखों के जेवर पार कर फरार हो गए। मामले की जानकारी होते पीड़ित परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शीतलपुर राहा गांव निवासी राहुल सिंह ने कोतवाली में शिकायती पत्र देते हुए बताया कि बीती देर रात अज्ञात चोर घर में घुस आए। चोरों ने अंदर कमरों में रखें बक्सों का ताला तोड़कर सोने के टॉप्स, सोने का हार, 02 जोड़ी सोने की झुमकी, 02 सोने की जंजीर, मंगलसूत्र, दो सोने की माला, 01 जोड़ी पायल के अलावा चांदी की तोड़ियां एवं चांदी के सिक्के के साथ 10 हजार रुपये नगद चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी रविवार को सुबह उस वक्त हुई जब कमरों में सामान बिखरा देखा गया।
चोरी की जानकारी पीड़ित ने थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की एवं चोरों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर सरगर्मी से तलाश में जुट गई। इंस्पेक्टर घाटमपुर धनेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगा दी गई है।
