Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचोरी के वाहन काटने वाले मेरठ के सोतीगंज बाजार पर लगा ताला

चोरी के वाहन काटने वाले मेरठ के सोतीगंज बाजार पर लगा ताला

मेरठ(हि.स.)। चोरी के वाहन काटने वालों पर मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने शिकंजा कस दिया है। रविवार से सोतीगंज में वाहनों के कमेले पर ताला जड़ दिया गया। एएसपी कैंट सूरज राय के नेतृत्व में पुलिस ने सोतीगंज के वाहन काटने में लिप्त दुकानों को बंद करा दिया।

चोरी के वाहनों को काटने के लिए मेरठ का सोतीगंज बाजार पूरे देश में बदनाम है। अभी तक पुलिस के संरक्षण में ही वाहनों का कटान होने के आरोप लगते थे। प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद वाहनों के कमेले पर शिकंजा कसना शुरू हुआ। वर्तमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने सबसे पहले इन काले धंधे के राजदार पुलिसकर्मियों पर डंडा चलाया और इसके बाद सोतीगंज के कबाड़ियों पर शिकंजा कस दिया। इसी का परिणाम रहा कि सोतीगंज के कुख्यात कबाड़ी अपने परिवार के साथ जेल की सलाखों के पीछे हैं। कुख्यात हाजी गल्ला और उसके चार बेटे, कबाड़ी इकबाल और उसके तीन बेटे समेत कई कबाड़ियों के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की है। उनकी करोड़ों रुपए कीमत की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। एएसपी कैंट सूरज राय के नेतृत्व में सोतीगंज के कबाड़ माफिया की कमर टूट चुकी है।

कई राज्यों से चोरी करके लाए जाते थे वाहन

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान आदि राज्यों से चोरी के वाहन सोतीगंज में लाकर काटे जाते थे। इन अवैध धंधे में लिप्त कबाड़ियों ने कुछ ही सालों में अकूत दौलत इकट्ठा कर ली। इस काले धंधे पर पुलिस ने ऐसी चोट की है कि सोतीगंज में वाहन चोरों का तिलिस्म टूट चुका है।

सोतीगंज की दुकानों को बंद कराया

एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने रविवार से चोरी के वाहनों को काटने के धंधे में लिप्त कबाड़ियों की दुकानों पर ताला लगाने का आदेश दिया। रविवार को एएसपी सूरज राय के नेतृत्व में पुलिस ने 100 से अधिक दुकानों पर ताला लगवा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के वाहन काटने के धंधे में लिप्त लोगों में हड़कम्प मचा हुआ है। थाने से सत्यापन के बाद ही दुकानों को खुलने दिया जाएगा।

अन्य कबाड़ियों पर भी कसा जाएगा शिकंजा

एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि सोतीगंज में चोरी के वाहनों को ऑन डिमांड काटकर पार्ट्स में बेचे जाते हैं। कई शातिर कबाड़ियों पर कार्रवाई की जा चुकी है और अन्य कबाड़ियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। दुकान मालिकों को नोटिस दिए जा रहे हैं। रविवार से सोतीगंज बाजार में टीमों ने घूमना शुरू कर दिया है। इसके लिए तीन दरोगा और 12 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई है।

सोतीगंज से पंजाब भेजे जाते थे पार्ट्स

सोतीगंज में कटने के बाद वाहनों के पार्ट्स को पंजाब सप्लाई किया जाता था। शातिर कबाड़ी चोरी के वाहनों को कम दामों में खरीद लेते हैं और उनको काटकर पार्ट्स को महंगे दामों में पंजाब आदि राज्यों में भेज देते हैं। इसलिए पुलिस इस काले धंधे पर शिकंजा कस रही है। मुकदमों में साक्ष्य नष्ट होने की आशंका पर ही बाजार बंद कराया गया है।

सोतीगंज में 800 दुकानें और 80 गोदाम

पुलिस का कहना है कि सोतीगंज में वाहनों के मिस्त्री अपनी दुकानें खोल सकते हैं। चाय, पान, सब्जी, दूसरे कारोबार से सम्बंधित सभी दुकानें खुली रहेगी। बताया जाता है कि सोतीगंज में वाहनों की खरीद, बिक्री, कटान और कबाड़ सम्बंधित 800 दुकानों और 80 गोदाम है।

हाजी गल्ला यूपी का कबाड़ माफिया घोषित

चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए सोतीगंज के शातिर कबाड़ी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हाजी गल्ला को उप्र का कबाड माफिया घोषित कर दिया गया है। अब प्रदेश स्तर पर गल्ला का गैंग रजिस्टर्ड हो गया है। वाहन चोरी के देश के किसी भी मामले में अब गल्ला से पूछताछ हो सकेगी। सोतीगंज के बचे हुए कबाड़ियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

जीएसटी में रजिस्ट्रेशन बढ़ेगा

जब से पुलिस ने सोतीगंज के कबाड़ियों की दुकान बंद करने का फरमान जारी किया है, उनमें हड़कम्प मचा हुआ है। दुकानदार जब इकट्ठा होकर इंस्पेक्टर सदर बाजार के पास पहुंचे और कहा कि उनका कार्य वाहनों के नए उपकरण बेचने का है। इसके बाद दुकानदार एसएसपी आवास पहुंचेे तो पीआरओ ने साफ कह दिया कि जीएसटी के बिल दिखाओ और दुकान खोलो। इससे साफ हो गया है कि बिना जीएसटी नंबर के अपना कारोबार कर रहे लोगों को अब जीएसटी विभाग में अपना पंजीकरण कराना ही पड़ेगा।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular