बागपत (हि.स.)। कोतवाली बड़ौत क्षेत्र के बड़का गांव से ट्राली चोरी के मामले में तीन आरोपितों से पीड़ित को 65 हजार रुपये दिलाकर समझौता कराने वाले बड़ौत मंडी पुलिस चौकी पर तैनात दारोगा विपिन कुमार को एसपी नीरज कुमार जादौन ने गुरुवार को निलंबित कर दिया है।
बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बड़का गांव निवासी जयकृत की चार अक्टूबर को ट्राली चोरी हो गई थी। पीड़ित ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी थी। 14 अक्टूबर को गोरीपुर मोड़ से पीड़ित ने अपनी ट्राली को पकड़कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने ट्राली कब्जे में लेकर आरोपितों को हिरासत में ले लिया।
पीड़ित जयकृत के अनुसार बड़ौत मंडी पुलिस चौकी पर तैनात दारोगा ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। आरोपित पक्ष से 65 हजार रुपये उन्हें दिलवा दिए। बताया जाता है कि दारोगा ने चोरी के आरोपितों से अपने भी कुछ रुपये तय कर लिए। आरोपितों ने तय समय पर दारोगा को रुपये नहीं दिए तो दारोगा ने चोरी के तीनों आरोपितों को पकड़कर मंगलवार को जेल भेज दिया।
दारोगा ने जयकृत से समझौते के 65 हजार रुपये वापस मांगे और आरोपितों को लौटाने चाहे, लेकिन जयकृत पक्ष रुपये लौटाने में आनाकानी करता रहा। इस मामले में दोरागा और पीड़ित पक्ष के बीच रुपये लौटाने को लेकर बातचीत हुई तो पीड़ित पक्ष ने बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया। बाद में चार ऑडियो इंटरनेट पर वायरल कर दी। ऑडियो में दारोगा उन पर 65 हजार रुपये वापस करने का दबाव बना रहा था। उधर, पीड़ित पक्ष ने एसपी से पूरे मामले की शिकायत कर दी।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने बड़ौत सीओ आलाेक सिंह से पूरे मामले की जांच कराई। इस संबंध में एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि इस मामले में सीओ बड़ौत से जांच कराने के बाद बड़ौत मंडी पुलिस चौकी के प्रभारी दारोगा विपिन कुमार को निलंबित कर दिया है।
