Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचोरी की बिजली से जगमग होता मिला लाइन हाजिर एसओ का फ्लैट

चोरी की बिजली से जगमग होता मिला लाइन हाजिर एसओ का फ्लैट

मेरठ (हि.स.)। हस्तिनापुर के सेंचुरी क्षेत्र में आलीशान फार्म हाउस बनाने वाले पूर्व एसओ की मुसीबत बढ़ती जा रही है। इस फार्म हाउस का खुलासा होने के बाद जहां एसएसपी अजय साहनी ने थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं लाइन हाजिर थानेदार बिजली विभाग के भी निशाने पर आ गए। पूर्व एसओ का फ्लैट चोरी की बिजली से जगमग होता मिला।
मंगलवार की दोपहर को जागृति विहार बिजली विभाग के अवर अभियंता मुकेश कुमार ने धर्मेंद्र सिंह के शास्त्रीनगर एसटूएस अपार्टमेंट में स्थित फ्लैट पर छापा मारा। जहां बिना मीटर के बिजली चोरी होती पाई गई। इस मामले में विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने लाइन हाजिर थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह के खिलाफ विद्युत विभाग के थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर मंगलवार को ही हस्तिनापुर के पूर्व विधायक गोपाल काली ने भी पत्रकार वार्ता करते हुए लाइन हाजिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व विधायक का आरोप है कि पिछले चार सालों से क्षेत्र के ही थानों में जमे धर्मेंद्र सिंह ने शराब और सट्टा माफियाओं से सेटिंग करते हुए करोड़ों की अवैध संपत्ति अर्जित की है। पूर्व विधायक ने इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर लाइन हाजिर किए गए थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular