कानपुर (हि.स.)। कोरोना की पाबंदियों के चलते बीते दो साल से मंदिरों में दर्शन पूजन पर रोक लगी थी। बंदिशें खत्म होने के बाद चैत्र नवरात्रि शनिवार से शुरू हो गए हैं। नवरात्रि के प्रथम दिन देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता उमड़ने लगा है। भक्त सुबह से ही लंबी-लंबी लाइनों में लगकर माता के दर्शन करने मंदिरों में पहुंचे। वहीं, मंदिरों के अलावा घरों में महिलाओं ने माता की चौकी स्थापित कर व्रत पूजन प्रारंभ कर दिया।
शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में शुमार बारादेवी में आज भोर पहर 3 बजे से ही सैकड़ों की संख्या में भक्त जयकारा लगाते हुए मंदिर पहुंचे। मंगला आरती के बाद मंदिर के पट जैसे खुले भक्तों ने बारा देवी मां के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर में मुख्य द्वार से ही भक्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेटिंग के जरिए महिला और पुरुषों को अलग-अलग लाइनों से मंदिर में प्रवेश दिया गया। मंदिर परिसर में पुजारी के अलावा लगभग 10 सेवादार भी तैनात किए गए। जो भक्तों का श्रृंगार पूजन कराने में मदद कर रहे हैं। लगभग 2 वर्ष बाद मंदिर में आस्था का संगम देखने को मिला। मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
हटी कोविड की बंदिशें, देवी मंदिरों में लगा भक्तों का तांता
किदवई नगर स्थित जंगली देवी मंदिर में मां के दर्शन को प्रातः काल आरती के बाद बड़ी संख्या में भक्त पहुंचने लगे। मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और पुजारियों के साथ कई भक्तों को मंगला आरती में शामिल किया गया। मंगला आरती के बाद मुख्य द्वार से भक्तों को दर्शन पूजन के लिए प्रवेश शुरू किया गया। भक्त माता जंगली देवी का जयकारा लगाते हुए मां के दर्शन का सुख समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिर में इस बार महिला भक्तों द्वारा मां का श्रंगार भी किया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक का कहना है भक्तों से मास्क लगाकर आने की अपील की गई है।
कल्याणपुर स्थित माता आशा देवी मंदिर में भी भोर आरती के बाद से ही मां के दर्शन को बड़ी संख्या में भक्तों का पहुंचना जारी है। इसी प्रकार शास्त्री नगर स्थित काली मठिया मंदिर में भी दर्शन करने को लेकर भक्तों का तांता लगा रहा। बिराहना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर में सुबह 3 बजे से भक्त मंदिर परिसर में पहुंचने लगे। सुबह आठ बजे तक भक्तों की लंबी-लंबी कतारें दर्शन को लग गई। वहीं बुद्धा देवी, बंगाली मोहाल में काली माता के दर्शन करने भी भक्त पहुंचे। जय माता के उद्घोषों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
देवी मंदिरों के बाहर लगे मेले, लोगों ने की खरीदारी
कानपुर के सभी देवी मंदिरों के बाहर मेला लगा हुआ है। जिसमें भक्त जमकर खरीदारी कर रहे हैं। कोरोना के चलते मंदिरों में दर्शन बंद कर दिये गये थे, जिसके चलते मेला भी नहीं लगा था। दो वर्ष बाद देवी मंदिरों के बाहर मेले का आयोजन किया गया है। जिसमें भक्त खूब खरीदारी कर रहे हैं।
अजय
