Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचेकिंग के नाम पर गाजीपुर के व्यापारी से बदमाशों ने आठ लाख...

चेकिंग के नाम पर गाजीपुर के व्यापारी से बदमाशों ने आठ लाख रूपये छीन लिए

कबीरचौरा-पियरी मार्ग पर वारदात, पुलिस छानबीन में जुटी

वाराणसी (हि.स.)। चौक थाना क्षेत्र के कबीरचौरा-पियरी मार्ग पर गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने चेकिंग के नाम पर गाजीपुर के व्यापारी तबरेज अहमद से मारपीट कर 8 लाख रुपए छीन लिए। जब तक राहगीर और आसपास के लोग कुछ समझते बदमाश गलियों के रास्ते रूपये लेकर भाग निकले। पीड़ित व्यापारी की सूचना पर पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गये।

गाजीपुर जिले के दिलदारनगर निवासी किराना व्यापारी तबरेज अहमद वाराणसी में खरीदारी और भुगतान करने के लिए 14 लाख रुपए लेकर आए थे। गोला दीनानाथ में तबरेज ने एक व्यापारी को 5 लाख रुपए का भुगतान किया। इसके बाद ऑटो में अकेले बैठ कर दालमंडी इलाके में खरीदारी करने जा रहे थे। कबीरचौरा पियरी मार्ग पर स्थित होटल ब्लू डायमंड के सामने खड़े तीन लोगों ने ऑटो रुकवाया और बोले कि हम पुलिस वाले हैं। इसके बाद उन्होंने व्यापारी का नाम पूछा और कहा कि अपना बैग चेक कराओ। बैग में कोई असलहा तो नहीं है। तीनों में से एक उनका बैग चेक करने लगा और एक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। अचानक घटना से अवाक व्यापारी के बैग से बदमाशों ने आठ लाख रुपए निकाल लिए और मोटर साइकिल से भाग निकले। व्यापारी ने बदमाशों का कुछ देर पीछा किया लेकिन वे भागने में सफल रहे। व्यापारी ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने पत्रकारों को बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। व्यापारी के साथ ही घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर के आधार पर चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के जांच में चौक पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम जुट गई है। एडीसीपी राजेश कुमार पांडेय ने भी पीड़ित व्यापारी से लूट की जानकारी प्राप्त की।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular