केन्द्रीय मंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ, बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाई
वाराणसी (हि.स.)। केन्द्रीय पर्यावरण वन, जलवायु परिवर्तन एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने मंगलवार को दावा किया कि भोलेनाथ की कृपा से सब कुछ बुलंदी पर है। इस समय चुनाव में मोदी-योगी सभी के दिमाग में बसे हुए हैं।
महाशिवरात्रि पर्व पर शहर में अपने परिवार के साथ आये केन्द्रीय मंत्री ने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव और बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। दर्शन पूजन के बाद उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के दिन अपने परिवार तथा कार्यकर्ताओं के साथ दर्शन करने आए हैं। हमने चुनाव प्रचार में देखा कि कई स्थानों पर बहुत सारे विकास के कार्य हुए हैं। नगर पंचायत, ग्राम पंचायत सहित पूरे पूर्वांचल की फिजा ही बदल गई है। उन्होंने कहा कि आज का दिन भगवान भोलेनाथ का दिन है और भगवान भोलेनाथ सभी का कल्याण करेंगे तथा सभी के दु:ख दूर करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की झोली में फिर से उत्तर प्रदेश में लगभग 350 सीटें आ रही है।
श्रीधर
