लखनऊ (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा पर अपनी नाकामी छिपाने और मुद्दों से भागने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अशोक सिंह ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारा जवाब देने के लिए जनता तैयार बैठी है।
कहा कि कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा में भाजपा सरकार नाकाम क्यों हुई? जाति विशेष के माफियाओं, अपराधियों को संरक्षण क्यों दिया, प्रयागराज में लॉज, हॉस्टलों में घुसकर छात्रों को पुलिस से पिटवाया व एक हजार छात्रों पर फर्जी मुकदमे क्यों दर्ज कराए? इसका जवाब भाजपा को देना चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, मौत के मुहाने पर खड़ी कानून व्यवस्था, जातिवाद, जातीय अपराधियों के साथ खड़ी योगी सरकार में हर तरफ के उत्पीड़न से जनता त्रस्त हो चुकी है।
कहा कि यह सरकार न्याय, अत्याचार को बढ़ाने के साथ अपराधियों को संरक्षण देने के काम लगी है, भाजपा अब तक 82 घोषित अपराधियो को टिकट दे चुकी है।
अशोक सिंह ने कहा कि मुद्दों से भागती भाजपा को करारा जवाब देने के लिए जनता तैयार बैठी है, उसका कोई तिकड़म इस बार काम नहीं आएगा। कांग्रेस जनता के साथ जनता के हितों के लिए उसके साथ खड़ी है। इस बार जनता कांग्रेस को समर्थन दे रही है। नफरत की राजनीति करने वाले अब सत्ता से बाहर रहेंगे।
बृजनन्दन
