Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचुनाव में बहकाने वालों से रहें सतर्क, भाजपा षड्यंत्र करने में उस्ताद:...

चुनाव में बहकाने वालों से रहें सतर्क, भाजपा षड्यंत्र करने में उस्ताद: अखिलेश

लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2022 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। इसके लिए आज से ही मेहनत शुरू कर देनी चाहिए। चुनाव में बहकाने वालों से सतर्क रहकर मतदान करना है। यह याद रखना चाहिए कि भाजपा षड्यंत्र करने में उस्ताद है। वह झूठ, अफवाह और नफरत की राजनीति करती है। लेकिन, अब लोग सावधान हो रहे हैं। मतदाताओं के साथ भाजपा के छल करने के दिन बीत गए हैं। फिर भी जनता से सावधानी अपेक्षित है।

अखिलेश यादव गुरुवार को आशुतोष सिन्हा के स्नातक क्षेत्र से विजयी होने के बाद कायस्थ समाज के लोगों को पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे ​थे। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज के सहयोग से प्रधानमंत्री जी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी से आशुतोष सिन्हा की जीत बहुत महत्वपूर्ण है। यह जीत ईवीएम पर बैलट की भी जीत है।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी ही विकास का काम कर सकते हैं। भाजपा तो समाजवादी पार्टी के कामों पर अपना ठप्पा लगाती है। समाजवादी पार्टी सरकार में ही जिला मुख्यालयों को फोरलेन सड़कों से जोड़ा गया। काशी कॉरिडोर समाजवादी पार्टी की सरकार में ही लागू हुआ था। तब चौबीस घंटे बिजली वाराणसी में मिलती थी। भाजपा के चार साल हो गए एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार किसी की मदद नहीं करना चाहती है। उसने नौजवानों को रोजगार के झूठे आंकड़े देकर बहकाया है। नए रोजगार सृजित नहीं हुए। समाजवादी सरकार में जो नौकरियां दी गई थी। उन्हें भी समाप्त किया जा रहा है। 
उन्होंने कहा कि किसान अलग परेशान हैं। उसकी खेती पूंजी घरानों के पास बंधक रखने की तैयारी है। अन्नदाता को अपमानित किया जा रहा है। जनता समझने लगी है कि समाजवादी सरकार से अच्छा काम कोई नहीं कर सकता है। भाजपा को भी लग रहा उनके निकम्मेपन के कारण प्रदेश में अगले चुनावों में उसका सफाया होना सुनिश्चित है।

RELATED ARTICLES

Most Popular