वाराणसी (हि.स.)। प्रदेश विधानसभा चुनाव के आहट के बीच छोटे-बड़े सभी राजनीतिक दलों ने कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ संगठन की मजबूती पर खासा ध्यान दिया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी भी लगातार अपनी जड़ों को जमाने के लिए पूरे पूर्वांचल के विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता सम्मेलन के साथ जनसभा कर रही है।
पार्टी ने रविवार को शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के गौराकला गांव में आयोजित जनसभा में दमखम का प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। जनसभा में पार्टी अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर जुबानी तीर चलाया।
कानून व्यवस्था के बहाने प्रदेश सरकार को घेर राजभर ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और भवन निर्माण सामग्री का दाम तेजी से बढ़ रहा है। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा। ये सरकार अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल के विकास के नाम पर झूठी वाहवाही लूट रही है। लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर आक्रामक पूर्व कैबिनेट मंत्री ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
जनसभा में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक अनिल राजभर को निशाने पर लेकर उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किसान, नौजवान,वंचित पिछडा दलित समाज इस सरकार से पाई-पाई का हिसाब लेगा।
उन्होंने दावा किया कि भागीदारी संकल्प मोर्चा सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। जनसभा को पार्टी के महासचिव अरविंद राजभर,डा. बलिराज राजभर, रमेश राजभर आदि ने भी सम्बोधित किया।
