मेरठ (हि.स.)। उप्र विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 10 फरवरी को मेरठ जनपद में मतदान होगा। बुधवार को चुनाव संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुई और शाम तक अपने मतदान स्थलों पर पहुंच गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी के. बालाजी ने बताया कि मेरठ जनपद में पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान संपन्न कराने के लिए बुधवार को पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। विक्टोरिया पार्क और आईटीआई साकेत से पोलिंग पार्टियां रवाना हुई।
26 लाख मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
मेरठ जनपद में 10 फरवरी को 26 लाख 25 हजार 849 मतदाता 07 सीटों पर अपना जनप्रतिनिधि चुनेंगे। इन मतदाताओं में 14 लाख 28 हजार 672 पुरुष, 11 लाख 96 हजार 954 महिला और 218 अन्य शामिल है। जनपद में 1172 मतदान केंद्रों पर 2962 मतदेय स्थल (बूथ) बनाए गए हैं। मेरठ जनपद में 1540 बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। चुनाव संपन्न कराने के लिए 283 सेक्टर मजिस्टेªट, 27 जोनल मजिस्टेªट तथा 39 स्टेटिक मजिस्टेªट बनाए गए हैं। जनपद में 409 क्रिटिकल मतदान केन्द्र है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 01-01 बूथ को पिंक बूथ (महिलाओं द्वारा संचालित) बनाया गया है तथा प्रत्येक विधान सभा में 01-01 बूथ को मॉडल बूथ भी बनाया गया है। दोपहर बाद तक पोलिंग पार्टियां अपने लिए तय किए गए मतदान केंद्रों पर पहुंच गई।
07 विधानसभा क्षेत्रों में 80 प्रत्याशी
मेरठ में 07 विधानसभा सीटों मेरठ सदर, मेरठ कैंट, मेरठ दक्षिण, सिवालखास, किठौर, सरधना, हस्तिनापुर में 80 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। गुरुवार को मतदाता ईवीएम का बटन दबाकर अपना जनप्रतिनिधि चुनेंगे।
कुलदीप
