मेरठ (हि.स.)। प्रथम चरण के विधानसभा चुनाव का मतदान संपन्न हो जाने के बाद शुक्रवार को सभी दलों के प्रत्याशी अपने-अपने अनुमान लगा रहे हैं। जबकि समर्थक अपने प्रत्याशियों को हार-जीत के समीकरण समझा रहे हैं। बूथवार हुए मतदान का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है।
मेरठ जनपद में गुरुवार को पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ। 07 विधानसभा सीटों पर 80 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया, जो अब 10 मार्च को मतगणना के दौरान खुलेगा। मेरठ की सभी सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों का मुकाबला सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों से हो रहा है। दोनों ही दल अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा कर रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी मेरठ जनपद में सभी सातों सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। इसी तरह से रालोद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुरेंद्र शर्मा कहते हैं कि मेरठ की सभी सीटों पर गठबंधन जीत रहा है और प्रदेश में गठबंधन की सरकार बन रही है। बसपा के जिलाध्यक्ष मोहित जाटव का कहना है कि प्रदेश में बसपा की सरकार बन रही है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी बताते हैं कि लोगों का विश्वास कांग्रेस की नीतियों में बढ़ा है। प्रियंका गांधी की मेहनत चुनाव में रंग लाएगी।
बूथवार किया जा रहा मतदान का विश्लेषण
शुक्रवार को सभी दलों के कार्यकर्ताओं ने बूथवार हुए मतदान का विश्लेषण शुरू कर दिया है। किस बूथ पर किस पार्टी को मत मिलें, इसे बारीकी से समझा जा रहा है। इसके बाद समर्थक अपने प्रत्याशियों को हार-जीत के आंकड़ें समझा रहे हैं।
नेताजी आप ही चुनाव जीत रहे हो
मेरठ की 06 सीटों पर आमने-सामने का मुकाबला होने के कारण हार-जीत का अंतर बहुत कम रहने के आसार है। ऐसे में समर्थक अपने-अपने नेता को जीत का गणित समझा रहे हैं।
कुलदीप
