मेरठ (हि.स.)। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि योगी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में उप्र की हालत बदल गई है। अपराधों में कमी, विकास कार्यों में तेजी और चुनावी वायदों को पूरा करने पर 2022 का चुनाव लड़ा जाएगा। भाजपा 350 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
दिल्ली रोड स्थित मयूर होटल में सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के साढ़े चार साल पूरे होने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने प्रेस वार्ता में सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि मेरठ महानगर की तीनों विधानसभाओं में साढ़े चार साल में रिकॉर्ड विकास कार्य हुए हैं। कोरोना प्रबंधन को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार की विश्व स्वास्थ्य संगठन तक ने प्रशंसा की। मेरठ में भी कोरोना की दूसरी लहर में शुरू में कुछ परेशानी के बाद सरकार और संगठन ने उसे दूर किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और शासन ने ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता, अस्पतालों में मरीजों को बेड, भोजन आपूर्ति आदि की पुख्ता व्यवस्था कराई। उप्र में पहले गुंडे-माफिया सत्ता का संरक्षण प्राप्त करके भय का माहौल बनाते थे। पिछली सरकार में हर तीसरे दिन एक दंगा होता था। योगी सरकार में अपराधियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण व जब्तीकरण का कार्य हुआ है।
मतांतरण, लव जेहाद आदि पर सख्त कानून बनने से योगी सरकार के कार्यकाल में तेजी से कमी आई है। 2016 की तुलना में अपराधों का ग्राफ तेजी से गिरा है। गरीबों के लिए 42 लाख मकान बनाए गए हैं। सरकार किसी भी आपदा में जनता के साथ खड़ी है। युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से नियुक्तियां मिल रही है। पहले भर्ती होने पर पूरा खानदान वसूली के लिए झोला लेकर निकल पड़ता था। निवेश और ईज ऑफ डुइंग बिजनेस में उप्र दूसरे नंबर पर आ गया है। प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपए के निवेश हुए हैं। इससे युवाओं को रोजगार भी मिल रहा है। केंद्र सरकार की 44 योजनाओं में उप्र नंबर एक पायदान पर है। एक करोड़ 56 लाख से अधिक गैस कनेक्शन दिए गए। छह करोड से अधिक आयुष्मान बीमा कवर दिया गया। दो करोड़ 53 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि दी गई। 15 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन दिया गया। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत प्राप्त होगा। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, मेरठ नगर विधानसभा प्रभारी सुमन त्यागी, भाजपा नेता वीनस शर्मा, नरेंद्र उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।
