Wednesday, March 25, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयचीन को पछाड़ दुनिया में सर्वाधिक आबादी वाला देश हुआ भारत

चीन को पछाड़ दुनिया में सर्वाधिक आबादी वाला देश हुआ भारत

-भारत की जनसंख्या पहुंची 142 करोड़ 86 लाख, चीन की 142 करोड़ 57 लाख

न्यूयॉर्क (हि.स.)। चीन को पछाड़ कर भारत दुनिया में सर्वाधिक आबादी वाला देश हो गया है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक भारत की जनसंख्या 142 करोड़ 86 लाख पार कर गयी है, जबकि चीन की जनसंख्या 142 करोड़ 57 लाख है।

पूरी दुनिया की जनसंख्या पर नजर रखने वाले संयुक्त राष्ट्र संघ के संगठन संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक भारत अब दुनिया का सर्वाधिक आबादी वाला देश है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष ने हाल ही में द स्टेट ऑफ वर्ल्ड पॉपुलेशन रिपोर्ट 2023 जारी की है। इसमें कहा गया है कि भारत की जनसंख्या 142 करोड़ 86 लाख है, जबकि चीन की जनसंख्या 142 करोड़ 57 लाख है। इस तरह भारत की जनसंख्या चीन की तुलना में 29 लाख अधिक बताई गयी है।

1945 में संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थापना के बाद 1950 से संयुक्त राष्ट्र संघ ने जनसंख्या के आंकड़े जुटा कर उसे जारी करना शुरू किया था।

संयुक्त राष्ट्र संघ की रिपोर्ट के मुताबिक भारत की 25 प्रतिशत आबादी 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के लोगों की है, वहीं 10 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की संख्या 18 प्रतिशत है। 10 से 24 साल आयु वर्ग के 26 प्रतिशत लोग और 15 से 64 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की संख्या 68 प्रतिशत है। भारत में 65 वर्ष से ऊपर के लोगों की संख्या सात प्रतिशत है। इसके विपरीत चीन में 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों की आबादी 20 करोड़ है।

संजीव मिश्र/संजीव पाश

RELATED ARTICLES

Most Popular