लखनऊ(हि.स.)। पूर्वांचल में अपराधियों की शरणस्थली रही गोरखपुर की चिल्लूपार की धरती से रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफियाराज को सीधा संदेश दे दिया। मुख्यमंत्री योगी अपने भाषणों में बुलडोजर के उपयोग का जिक्र कर रहे हैं और चिल्लूपार में भी माफिया तत्वों की ओर इशारा करते हुए बुलडोजर की बात कह गये।
चिल्लूपार का इतिहास जानने वाले लोगों को मालूम है कि पूर्वांचल के बाहुबली हरिशंकर तिवारी यहीं से चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचते थे। वर्ष 2022 में उनके पुत्र विनय शंकर तिवारी समाजवादी पार्टी के टिकट से चिल्लूपार विधानसभा में चुनाव लड़ रहे हैं। विनय शंकर तिवारी इससे पहले गोरखपुर में बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ा है, लेकिन तभी योगी आदित्यनाथ ने ही उन्हें लोकसभा चुनाव हरा दिया था।
चिल्लूपार में भाजपा के प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी के काफिले पर तीन दिन पूर्व ही हमला हुआ था। राजेश त्रिपाठी ने सपा समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया था। इसके बाद ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चिल्लूपार विधानसभा में जनसभा का कार्यक्रम तय हुआ। मुख्यमंत्री ने आज अपने संदेश में चिल्लूपार क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि माफियावादियों, तमंचावादियों को कठोर सबक सिखाना है।
समाजवादी पार्टी की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घोर परिवारवादी लोगों को बुरी तरह से हराना है। चिल्लूपार की धरती से पूर्वांचल के माफियाओं को संदेश देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने बुलडोजर का बेहतरीन उपयोग किया है। बुलडोजर तो सड़क भी बना रहा है और माफिया की छाती पर चढ़कर प्रदेश को लुटने से भी बचा रहा है। चिल्लूपार में आज समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश भी पहुंचें थे। जनसभा में उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए जनता से सपा प्रत्याशी के लिए मतदान करने की अपील की। भाजपा पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
90 के दशक में पूर्वांचल में संगीन अपराध की शुरुआत करने वाला चिल्लूपार क्षेत्र बीते कुछ वर्षो में विकास कार्यो के माध्यम से आगे बढ़ा है। चिल्लूपार के निवासी अजय पाण्डेय एवं विकास पाण्डेय की मानें तो मूलभूत सुविधाओं को पाकर क्षेत्र का विकास पिछली सरकार में ही हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य पर कार्य हुआ है तो बिजली भरपूर आ रही है। हाइवे से भी चिल्लूपार को जोड़ने का काम हुआ है।
शरद
