-3 अन्तर्जनपदीय चोर गिरफ्तार, चोरी के आभूषण बरामद
-अवैध तमंचा व कारतूस, घटना में प्रयुक्त औजार व चारपहिया वाहन जब्त
-खुलासा करने वाली टीम को एसपी ने दी इनाम देने की घोषणा
चित्रकूट (हि.स.)। कोतवाली पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शहर की सर्राफा दुकान में हुई बहुचर्चित चोरी की घटना का खुलासा किया है। साथ ही पुलिस टीम ने चोरी करने वाले आगरा के 03 अन्तर्जनपदीय चोरों को चोरी के आभूषण समेत तीन अवैध तमंचा व 05 अदद जिन्दा कारतूस, 04 अदद मोबाइल फोन व घटना में प्रयुक्त औजार व चार पहिया वाहन बरामद करने में बडी सफलता मिली है।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला ने प्रेस वार्ता में बताया कि बीती 19 दिसम्बर को रामविशाल सोनी पुत्र शंकर लाल सोनी निवासी बस स्टैण्ड कर्वी ने सूचना दी थी कि शहर के पुरानी बाजार डाक घर के सामने स्थित छोटे भाई की दुकान सरजू आभूषण मंदिर में 18 दिसम्बर को देर रात अज्ञात चोरों द्वारा दुकान का ताला तोड़कर सोने व चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गये हैं । इस सूचना पर थाना कोतवाली कर्वी में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।घटना के खुलासे के लिए टीमें गठित की गयी थी । बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी नगर हर्ष पांडेय के पर्यवेक्षण में एवं कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में निरीक्षक अपराध कोतवाली कर्वी एवं प्रभारी स्वाट/सर्विलांस के नेतृत्व में पुलिस टीमें घटना के खुलासे हुए लगातार प्रयासरत थी।
गुरुवार को निरीक्षक अपराध कोतवाली कर्वी प्रभूनाथ यादव एवं प्रभारी स्वाट/सर्विलांस श्यामप्रताप पटेल की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर देवांगना घाटी से हनुमान धारा जाने वाले तिराहे से अभियुक्त जयप्रकाश उर्फ छोटू पुत्र जगन्नाथ यादव निवासी नहर कोठी जैन मंदिर के सामने कस्बा व थाना एत्मादपुर जनपद आगरा,.मदन पुत्र राकेश जाटव निवासी ग्राम सवाई थाना एत्मादपुर जनपद आगरा तथा शीलेन्द्र पुत्र तुलसीराम निवासी कस्बा व थाना एत्मादपुर जनपद आगरा को गिरफ्तार किया।जबकि दो अन्य अभियुक्त जंगल झाड़ी का फायदा उठाकर भाग निकले। अभियुक्त जयप्रकाश उपरोक्त के कब्जे से 01 अदद तमंचा 12 बोर व 02 अदद जिन्दा कारतूस 12 बोर, सरजू आभूषण मंदिर से चोरी किये गये सफेद धातु के आभूषण 02 जोड़ी पायल फैंसी, 02 जोड़ी चूड़ा, 08 जोड़ी बिछिया व 01 अदद मोबाइल कीपैड, अभियुक्त मदन उपरोक्त के कब्जे से से 01 अदद तमंचा 12 बोर व 02 अदद जिन्दा कारतूस 12 बोर, सरजू आभूषण मंदिर से चोरी किये गये सफेद धातु की 02 जोड़ी पायल, 01 अदद ब्रेसलेट, बच्चों का चूड़ा 02 जोड़ी, बिछिया 08 जोड़ी व 01 अदद मोबाइल कीपैड मोबाइल तथा अभियुक्त शीलेन्द्र उपरोक्त के कब्जे से 01 अदद तमंचा 315 बोर 01 अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर, सफेद धातु के 03 जोड़ी पायल, 01 जोड़ी बच्चों का चूड़ा, 06 जोड़ी बिछिया, 02 अदद मोबाइल बरामद किया गया । मौके से भागे हुए व्यक्तियों के बारे में अभियुक्तों ने पूछताछ पर बताया कि वह दोनों हमारे साथी हैं। एक का नाम विजय उर्फ बच्चा ठाकुर पुत्र करन सिंह निवासी सबाई थाना एत्मादपुर जनपद आगरा व दूसरे का नाम मुकेश पुत्र ज्वाला प्रसाद निवासी धुलिया गंज चौराहा वसना सिनेमा के पास थाना कोतवाली आगरा जनपद आगरा है।
पकडे गये शातिर चोरों ने बरामद आभूषण के बारे में बताया कि पांचों ने मिलकर 18/19 दिसम्बर की रात पुरानी बाजार कर्वी डाक घर के सामने स्थित सरजू आभूषण मंदिर ज्वैलरी की दुकान से चोरी किये थे। चोरी का माल आपस में हम पांचों ने बंटवारा कर लिया था। हम लोगों के हिस्से का सामान हम लोगों के पास है दोनों व्यक्ति अपने हिस्से का माल लेकर भाग गये तथा चोरी का कुछ इकट्ठा माल मुकेश व विजय उपरोक्त द्वारा आगरा में बेच दिया गया।
एसपी ने बताया कि बरामद चार पहिया अर्टिगा गाड़ी नं रंग ग्रे की तलाशी लेने पर 01 हथौड़ा लोहे का, 01 अदद सब्बल, 1 अदद बड़ा पेंचकश, 01 अदद आरी ब्लेड, 05 अदद आरी ब्लेड छोटी, 01 अदद प्लास बरामद हुआ। जिसके सम्बन्ध में अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि हम लोग इसी गाड़ी से घूम-घूम कर चोरी करते है यह औजार चोरी करते समय दरवाजा खोलने व ताला तोड़ने के काम आते है। पुरानी बाजार कर्वी डाक घर के सामने ज्वैलरी की दुकान में चोरी करने के लिए इसी गाड़ी से आए थे और चोरी करके इसी गाड़ी से चले गये थे । उक्त घटना में चोरी किया गया सीसीटीवी की डीवीआर को वापस जाते समय यमुना नदी में फेक दिया था । चोरी का माल बरामदगी के सम्बन्ध में कोतवाली कर्वी में पंजीकृत मु0अ0सं0 540/2022 में धारा 411 भादवि0 की बढ़ोत्तरी की गयी तथा अवैध तमंचा व कारतूस बरामदगी के सम्बन्ध में अभियुक्तगण जयप्रकाश, मदन एवं शीलेन्द्र के विरूद्ध थाना कोतवाली कर्वी में धारा 03/25 आर्म्स एक्ट के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किये गये है । अपराधियों के विरूद्ध आगरा जिले के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज है।
रतन
