Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचित्रकूट : दुर्दांत डकैत ठोकिया के भाई की फड़ से गिरफ्तार जुआरी...

चित्रकूट : दुर्दांत डकैत ठोकिया के भाई की फड़ से गिरफ्तार जुआरी की जेल में मौत

चित्रकूट (हि.स.)। उप्र और एमपी के सीमावर्ती जिलों में आतंक का पर्याय रहे सात लाख के कुख्यात इनामी डकैत ठोकिया के भाई इन दिनों भरतपुर क्षेत्र में जुएं की फड़ लगवा रहा है। स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से चल रही जुआरियों की फड़ की सूचना पर आईजी बांदा की टीम ने छापा मारकर दस लोगों को पकड़ा था। पकड़े गये आरोपियों में सोमवार को एक आरोपी की चित्रकूट जिला कारागार में मौत हो गई। मृतक कैदी के परिजनों ने पुलिस की पिटाई के चलते मौत का आरोप लगाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, उप्र व मप्र के बहुचर्चित रहे मृतक डकैत डॉ अम्बिका पटेल उर्फ ठोकिया का भाई दीपक पटेल को भरतकूप थाना पुलिस की शह से लम्बे समय से क्षेत्र में नालबंद जुआ खेलाया जा रहा था। इस सूचना के आधार पर आईजी बांदा के. सत्यनारायण की गठित टीम ने बीते शनिवार को भरतकूप थाना क्षेत्र के खमरिया गांव में दबिश देकर दस जुआरियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान पुलिस टीम ने फड़ से पैंतालीस हजार रुपये व ताश की गड्डियां भी बरामद की थी। कार्यवाही में एंकाउंटर में मारे गए डकैत ठोकिया के भाई दीपक पटेल भागने में सफल रहा था। जुआ के खेल में संलिप्तता होने के चलते आईजी ने भरतकूप थाने के बीट इंचार्ज समेत कांस्टेबल को निलंबित करते हुए थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई थी।

आईजी के. सत्यनारायण ने निर्देश पर उनकी टीम ने ग्राम खमरियां में चल रहे नालबंद जुए की फड़ से उदयवीर सिंह निवासी बांदा, छुट्टन मिश्रा ग्राम गड़ावा बांदा, गोरेलाल निवासी ठर्री चौकी शिवरामपुर, संतोष कुमार निवासी नरैनी रोड अतर्रा, शिव विलास सिंह निवासी बड़ागांव बांदा, दशरथ प्रसाद गुप्ता निवासी लखन कॉलोनी थाना अतर्रा, मोहम्मद हफीज निवासी मर्दन नाका बांदा, मो. मिराज निवासी छिपटहरी जनपद बांदा, राजेश पटेल निवासी हरदुआ सतना मध्य प्रदेश, अर्जुन सिंह निवासी पुनाहुर को पुलिस टीम ने दबोच कर जेल भेज दिया था। चित्रकूट जिला कारागार में निरुद्ध इन्ही कैदियों में से एक अर्जुन सिंह निवासी ग्राम पुनाहुर की सोमवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस द्वारा मृतक कैदी के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार राय ने बताया कि रगौली जेल में एक कैदी की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। वही, मृतक कैदी के परिजन पुलिस की थर्ड डिग्री पिटाई को मौत की वजह बता रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular