Sunday, February 15, 2026
Homeअन्यचित्रकूट : कोरोना काल में बीहड़ के गांवों में मदद पहुंचा रही...

चित्रकूट : कोरोना काल में बीहड़ के गांवों में मदद पहुंचा रही पत्रकारों की टोली

– अब तक 500 परिवारों को पहुंचा चुके हैं मदद

वीरेन्द्र सिंह
चित्रकूट(हि.स.)। कोरोना संकटकाल में जहां समाज में एक ओर परेशानियों एवं दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस कठिन समय में लोगों की मदद कर रहे हैं। चित्रकूट के डकैत प्रभावित बीहड़ इलाकों में परहित सेवा संस्थान के सदस्यों ने मदद पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। 
परहित सेवा संस्थान के प्रबंधक अनुज हनुमत, हेमनारायण द्विवेदी, सचिन वन्दन और शंकर दयाल गर्ग पेशे से पत्रकार हैं, जो हर दिन गांव की समस्यायों को अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं। यह लोग ग्रामीणों का दुख-दर्द भी बांटकर जरूरतमन्दों तक मदद पहुंचा रहे हैं। टीम ने आज ऊंचाडीह के कोल आदिवासी बस्ती में जरूरतमन्दों को राशन सामग्री वितरित की। 
परहित सेवा संस्थान के प्रबंधक युवा पत्रकार अनुज हनुमत ने बताया कि इस समय पूरा देश कोरोना से लड़ाई लड़ रहा है और ऐसे में बहुत से ऐसे गरीब परिवार हैं जिन्हें खाने और दवा की जरूरत है। ऐसे सभी लोगों तक हमारी टीम मदद पहुंचाने की कोशिश में लगी है। हम कोशिश कर रहे हैं कि धर्मनगरी चित्रकूट में जरूरतमन्दों की मदद हेतु एक मानव श्रृंखला बनाई जा सके जिससे हर क्षेत्र में उन लोगों की मदद की जा सके जिन्हें वास्तव में जरूरत है। अनुज हनुमत ने बताया कि अब तक हमारी टीम ने 500 आदिवासी परिवारों को जरूरत की राशन किट पहुंचाई है। हमारा लक्ष्य है कि इस संकटकाल में कोई भी परिवार भूखा न रहे और न ही कोई आवश्यक जरूरतों से जूझे।
मदद में लगे पत्रकार हेमनारायण द्विवेदी का कहना है कि ये कठिन समय मानवता की परीक्षा का है जिसमें हमें एक-दूसरे की मदद करनी होगी। हमारी टीम गांवों में पहुंचकर जरूरतमंदों तक मदद पहुंचा रही है। हमारा प्रयास लगातार जारी है जहां लोगों का जुड़ाव तेजी से हो रहा है। सचिन वन्दन ने बताया कि आज हमारी टोली खान-पान की चीजें लेकर ग्राम पंचायत डोडा माफी के बिजहना पुरवा पहुंची तो लोगों के चेहरे खिल उठे। लोगों ने हमसे कहा कि अब ‘चुनाव होईगे है दादू अब कौनो नेता न आइ, दादू भगवान तुम्हार भला करय ।’ टीम के अन्य सदस्य शंकर दयाल गर्ग का कहना है कि हमारा प्रयास छोटा जरूर है लेकिन हम इसे जारी रखेंगे क्योंकि इस संकटकाल में जितनी ज्यादा से ज्यादा मदद हो पाए वो जरूरी है।
फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप से भी हो रही जरुरतमन्दों की मदद सोशल मीडिया पर भी कई तरह से मदद के कार्य किए जा रहे हैं। अनुज हनुमत ने बताया कि उनकी टीम के द्वारा व्हाट्सएप पर ‘कोविड हेल्प डेस्क’ के नाम से एक ग्रुप चलाया जा रहा है, जिसमें जिले के कई युवा साथी और व्यपारी जुड़े हैं जो सूचना आने पर मदद कर रहे हैं। इसी तरह कर्वी निवासी अमन गुप्ता फेसबुक पर 90 हजार से अधिक लोगों का ग्रुप चलाते हैं। अमन लगातार गरीबों की मदद में अपने ग्रुप के सदस्यों द्वारा संघर्षरत हैं।  
मास्क बांटकर ग्रामीणों को वैक्सीनेशन के लिए कर रहे जागरूकटीम जरूरत का सामान और मास्क वितरण कर रही है। साथ ही ग्रामीणों क्षेत्र के लोगों को मास्क पहनने के सही तरीके व फायदे बता रही है। इसके साथ ही वैक्सीनेशन को लेकर भी जागरूक किया। 
अब तक 500 परिवारों की हो चुकी है मदद  पिछले 15 दिनों में टीम ने लगभग 150 परिवारों को मदद मुहया करवाई है। दिए जाने वाले समान में सब्जी, गेहूं, चावल, काढ़ा, इम्युनिटी बूस्टर, मास्क, सैनिटाइजर, साबुन आदि होता है। परहित सेवा संस्थान ने मदद के लिए हेल्पलाइन नम्बर 09792652787 भी जारी किया है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular