Thursday, March 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचित्रकूट के पर्यटन विकास में पांच दशकों से दस्युओं का लगा है...

चित्रकूट के पर्यटन विकास में पांच दशकों से दस्युओं का लगा है ग्रहण

– यूपी/एमपी का मोस्ट वांटेंड है चित्रकूट का दुर्दांत डकैत गौरी यादव

चित्रकूट (हि.स.)। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच बसा बुंदेलखंड का चित्रकूट जनपद पिछले पांच दशकों से दुर्दांत डकैतों के आंतक का गढ़ रहा है। पांच लाख के कुख्यात इनामी बदमाश गौरी यादव गैंग का अब तक खात्मा न होने से सूबे की योगी सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद धर्म नगरी के सुप्रसिद्ध तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है। अभी भी देश भर से प्रतिवर्ष आने वाले लाखों पर्यटक दुर्दांत डकैतों की दहशत के चलते पाठा के बीहड़ में स्थित शबरी प्रपात, राघव प्रपात एवं धारकुंडी आश्रम आदि प्रमुख दर्शनीय स्थलों तक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाते।

मारे गये कई दुर्दांत डकैत

चित्रकूट जिले का पाठा क्षेत्र करीब पांच दशकों तक आतंक का पर्याय रहे दुर्दांत डकैत शिवकुमार पटेल उर्फ दुदुआ, डा. अंबिका पटेल उर्फ ठोकिया, स्वदेश पटेल उर्फ बलखड़िया, सुंदर पटेल उर्फ रागिया एवं बबली कोल आदि बदमाशों के आतंक का शिकार रहा। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस एवं एसटीएफ के अथक प्रयासों से यह तमाम दुर्दांत डकैत तो मारे गये, लेकिन आज तक बुंदेलखंड का चित्रकूट पूरी तरह से दस्यु समस्या से मुक्त नहीं हो सका।

डकैतों के खौफ से प्राकृतिक स्थल तक नहीं पहुंच रहे पर्यटक

बीहडों के जानकार आलोक द्विवेदी बताते है कि पाठा क्षेत्र विगत पांच दशकों से दस्यु गैंगों के खौफ का शिकार है। डकैतों की चहलकदमी के कारण आजादी के कई दशक बीत जाने के बाद भी पाठा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। धार्मिक,पौराणिक और पर्यटन की दृष्टि से तमाम महत्वपूर्ण स्थल होने के बावजूद दुर्दांत डकैतों की दहशत के चलते पर्यटक एवं स्थानीय लोग कई मनोरम स्थलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

दस्यु विहीन के लिए सरकार संकल्पित

उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय का कहना है कि पिछले पांच दशकों से दस्यु समस्या चित्रकूट के पर्यटन विकास में बाधक रहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के विकास के लिए सतत प्रयासरत हैं। करोडों की परियोजनाएं क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए संचालित है। चित्रकूट को दस्यु विहीन करने के लिए सरकार संकल्पित है।

गौरी यादव का जल्द होगा खात्मा

चित्रकूट के नवागंतुक पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल का कहना है कि यूपी-एमपी के मोस्ट वांटेड पांच लाख के इनामी दस्यु गौरी यादव गैंग के सफाये के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। जल्द से जल्द गैंग का खात्मा कर भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट को पूरी तरह से दस्यु मुक्त बनाया जायेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular