– अंगदान किसी को जीवनदान देने का महत्वपूर्ण साधन है
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने रविवार को लखनऊ स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, वेलसन मेडिसिटी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा का लक्ष्य मानव जीवन को सुगमता प्रदान करना है। चिकित्सा सेवा की अन्य मानव सेवाओं से कोई तुलना नहीं।
राज्यपाल ने चिकित्सा संस्थान को बधाई देते हुए अपेक्षा की कि चिकित्सक रोगियों के उपचार में कोई कमी नहीं लायेगें। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक रोगी को उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाएं प्रदान करेंगे। रोगी के लिए डाॅक्टर उसका भगवान होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाएं यहां आने वाले मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध केजीएमयू, एसजीपीजीआई, आरएमएल आयुर्विज्ञान संस्थान जैसे चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा केन्द्रों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि लखनऊ में अनेक गम्भीर रोगों का इलाज भी होता है, जिससे यहां के लोगों को अंयत्र नहीं जाना पड़ता है।
राज्यपाल ने अपने सम्बोधन में अंगदान के महत्व पर जोर दिया और कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के इस युग में अंगदान किसी को जीवनदान देने का एक बहुत ही महत्वपूर्ण साधन बन गया है। अंगदान के पीछे सबसे बड़ी भावना यह होती है कि जाते समय भी किसी की जान बचाई जाए। उन्होंने सुझाव दिया ‘अस्पताल अंगदान और रक्तदान’ के लिए मुहिम चलाये और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसके लिये प्रेरित करे।
राज्यपाल ने स्वस्थ जीवन के लिए मोटे अनाज के सेवन पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इनका सेवन मानव के बेहतर स्वास्थ्य को बनाये रखने में सहायक होते हैं और अनेक बीमारियों से उन्हें बचाते भी हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि अस्पताल आने वाले मरीजों को हफ्ते में कम से कम दो बार मिलेट्स का आहार लेने के लिये प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही अस्पताल की कैंटीन में भी मोटे अनाज से बने व्यंजनों को परोसा जाए।
राज्यपाल ने आशा व्यक्त की, कि अस्पताल में आने वाले हर वर्ग के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिले और धन के अभाव में किसी को इलाज से वंचित ना होना पड़े।
दीपक
