मीरजापुर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री व मीरजापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने राजगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र लिखा। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में महिला चिकित्सक की तैनाती व ग्राम पंचायत तेन्दुआ कला में एक नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का अनुरोध किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान में किसी महिला चिकित्सक की तैनाती न होने से महिला मरीजों को इलाज में दिक्कत हो रही है। ऐसे में अनुप्रिया पटेल ने स्वास्थ्य केंद्र पर महिला चिकित्सक की तैनाती के साथ आवारा पशुओं से सुरक्षा के दृष्टिगत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर एवं टूटी बाउंड्री वाल के निर्माण का भी अनुरोध किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि राजगढ़ ब्लाक के ग्राम पंचायत तेन्दुआ कला में स्वास्थ्य केंद्र न होने से स्थानीय लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। जनमानस के इलाज में हो रही कठिनाई के दृष्टिगत एक नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मांग गत कई वर्षों से की जा रही है। नया स्वास्थ्य केंद्र बनने से आसपास के लगभग 20 हजार की आबादी को चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। अनुप्रिया पटेल ने कहा कि तेन्दुआ कला में मानक के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध है।
गिरजा शंकर/मोहित
