लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना के आश्वासन के बाद किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) कर्मचारी परिषद ने हड़ताल स्थगित कर दी है। वेतन विसंगतियों को लेकर केजीएमयू के कर्मचारी आंदोलनरत थे। केजीएमयू के कर्मचारी शुक्रवार को हड़ताल पर जाने की तैयारी में थे। इसलिए शु्क्रवार को कुलपति आवास के सामने एकत्रित होकर प्रदर्शन करने लगे।
कर्मचारियों की हड़ताल से केजीएमयू की चिकित्सा व्यवस्था ठप हो जाती। इसलिए चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना और प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार ने केजीएमयू पहुंचकर केजीएमयू के कर्मचारी नेताओं से वार्ता की।
इस वार्ता में कर्मचारी परिषद के साथ कुलपति ,उप कुलपति ,कुलसचिव , प्रॉक्टर और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक समेत केजीएमयू के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
वार्ता में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कर्मचारी परिषद को आश्वासन दिया कि आज से कल तक 05 कैडर का शासनादेश जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि मुख्यमंत्री स्वयं कर्मचारी परिषद से मिलेंगे। इसके बाद कर्मचारी परिषद ने मुख्यमंत्री से होने वाली वार्ता तक आन्दोलन स्थगित करने का फैसला किया है।
केजीएमयू कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष प्रदीप गंगवार ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि केजीएमयू के समस्त कर्मी सदैव मरीज़ हितों को सर्वोपरि रखते हुए अपने हक़ की लड़ाई लड़ते हुए अपने संघर्ष की मिसाल पेश करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
बृजनन्दन
