-कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा, कुछ खास पूंजीपतियों की जेब में जनता की गाढ़ी कमाई का जा रहा है पैसा
लखनऊ(हि.स.)। चार सौ रुपये में मिलने वाला गैस सिलेंडर आज 1100 रुपये का हो गया है। इसके बावजूद सरकार का इस पर ध्यान नहीं है। कांग्रेस की सरकार में 400 रुपये में मिलने वाला गैस सिलेंडर स्मृति इरानी को महंगा लग रहा था। आज वह कहां हैं। वह इस पर कुछ बोलने को क्यों तैयार नहीं हैं। ये बातें उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष शिप्रा अवस्थी ने कही।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के कुछ खास पूंजीपति मित्र हैं, जिनकी जेब में जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा जा रहा है। प्रदेश में गलत नीति के कारण बेरोजगारी व भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। शिप्रा अवस्थी ने कहा कि भाजपा द्वारा अग्निवीर योजना के नाम पर युवाओं को छला गया। पहले पूरी तैयारी करो ट्रेनिंग करो और फिर धक्का मार कर बाहर निकाल दो। उन्होंने कहा कि जब युवा सड़क पर उतरे तब पीएम नरेंद्र मोदी ने युवाओं को डराया, धमकाया और कहा कि अगर तुम्हारी फोटो सरकार का विरोध करते हुए पाई गई कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार निजीकरण कर अपने पूंजीपति साथियों को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की महिलाओं की स्थिति पर बात करते हुए कहा कि प्रदेश में आये दिन महिलाओं पर अत्याचार की घटनायें उजागर हो रहीं है। पीड़ित महिलाओं की रिपोर्ट तक नहीं दर्ज की जा रही है। ऐसा करते हुए सरकार आकड़ों को छुपाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने घरेलू बिजली में 18 से 23 प्रतिशत तक हुई बेतहाशा वृद्धि पर बात करते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी की मार से तो पहले ही प्रदेश की जनता की कमर टूट चुकी थी और अब भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार ने घरेलू बिजली पर वृद्धि कर उनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। शिप्रा अवस्थी ने अंत में कहा कि महंगाई, बेरोजगारी से पीड़ित जनता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से प्रभावित होकर 2024 में होने वाले चुनाव में बदलाव के लिए मन बना चुकी है।
उपेन्द्र
