वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि पिछले चार सालों में काशी सहित पूरे प्रदेश में व्यापक परिवर्तन दिखाई पड़ रहा है। प्रदेश की छवि देश और दुनिया में बदली है। समाज के सभी वर्ग के लोगों ने इसमें सहयोग दिया है। प्रति व्यक्ति आय प्रदेश में बढ़ी है। इसी का परिणाम है कि हम निरतंर प्रगति की राह पर हैं।
मुख्यमंत्री कमच्छा स्थित शिक्षा संकाय काशी हिन्दू विश्वविद्वयालय के सभागार में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रबुद्धजनों शिक्षकों, प्रोफेसरों, इंजीनियरों, डॉक्टरों, साहित्यकारों से संवाद के दौरान धर्म नगरी काशी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि काशी प्राचीन काल से सनातन धर्म का बड़ा केंद्र रहा है। पिछले सात वर्षों से काशी अपने नए कलेवर के रूप में पुरातन कलेवर का स्वरूप बनती जा रही है। यहां का भौतिक विकास जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना काल के पहले लहर का जिक्र कर कहा कि हमने बसों से कोटा से सभी छात्रों को उनके घर पहुंचाया। प्रयागराज से छात्रों को घर पहुंचाया। प्रदेश के 40 लाख लोगों को घर तो पहुंचाया ही, अन्य राज्यों के लोगों को भी उनके घरों तक पहुंचाया हैै। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश की लोक कल्याणकारी कार्य का भी उल्लेख किया। सम्मेलन में प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहें।
