वाराणसी (हि.स.)। कोतवाली थाना क्षेत्र के सूतटोला मोहल्ले में बुधवार को एक चार मंजिला भवन के सबसे ऊपरी तल पर स्थित कमरे में अचानक आग लगने से 62 वर्षीय वृद्ध महिला जिंदा जल गई। सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सूतटोला मोहल्ले में स्वर्गीय विनोद कुमार शुक्ला की पत्नी सोनाली देवी (62) चार मंजिला भवन के चौथे तल पर स्थित कमरे में अकेले रहती थीं। उनके दो अविवाहित बेटे विशाल और विकास लखनऊ में नौकरी करते हैं। सोनाली देवी के मकान में पट्टीदारी के तीन अन्य परिवार भी रहते हैं। सुबह मकान में रहने वाले अन्य लोगों को धमाके जैसा सुनाई दिया तो सभी भाग कर ऊपर गए। सोनाली देवी के कमरे में धुआं भरा था और आग लगी हुई थी। इस पर उन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बेहद संकरे और आबादी वाले मोहल्ले में स्थित मकान में लगी आग को काबू पाने में फायर कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक वृद्धा की मौत हो गई थी और कमरे में रखा सारा सामान जल कर नष्ट हो गया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
श्रीधर
