– पीपीगंज, उरुवा बाजार, गीडा और थाना चौरीचौरा के एक-एक अपराधी शामिल
गोरखपुर(हि.स.)। गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर अलग अलग थाना क्षेत्रों के चार अपराधियों को दुराचारी घोषित किया गया है। मंगलवार को एसएसपी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में पीपीगंज, उरुवा बाजार, गीडा और थाना चौरीचौरा के एक-एक अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने न सिर्फ इनकी ए प्रकार की हिस्ट्रीशीट खोली है बल्कि अपराधिक इतिहास के मुताबिक इन पर इनाम भी घोषित किया है।
थाना पीपीगंज क्षेत्र के भुईधरपुर के रहने वाले जितेन्द्र कुमार भारती पर गैंगेस्टर एक्ट समेत चार गंभीर मुक़दमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस पर कार्रवाई करते हुए दुराचारी घोषित कर दिया है। इसके आलावा थाना उरुवा बाजार के भरथरी निवासी शिवम ओझा को भी दुराचारी घोषित किया गया है। इस पर थाना हरपुर बुदहट, गोरखपुर, थाना खलीलाबाद जनपद संतकबीर नगर, थाना गोला, थाना खजनी जनपद गोरखपुर, थाना बांसगाँव, थाना सिकरीगंज, थाना हरपुर बुदहट और थाना खजन, जनपद गोरखपुर में मुक़दमे दर्ज हैं।
तीसरा अपराधी थाना गीडा के पिपरी गांव का गोलू उर्फ सत्या यादव है। इस पर थाना गीडा के अलावा बेलीपार में भी भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के साथ गैंगेस्टर एक्ट में मुक़दमा है। दुराचारी घोषित होने वाले थाना चौरीचौरा के इब्राहिमपुर निवासी प्रशान्त कुमार उर्फ सोनू पर भी छह से अधिक मुक़दमे दर्ज हैं।
डा. आमोदकांत
