बदायूं (हि.स.)। गुरुवार को सहसवान कोतवाली पुलिस ने चार घरों में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के पास से चोरी किया गया माल भी पुलिस ने बरामद किया है।
सहसवान कोतवाली के सिलहरी गांव में 11 नवंबर की रात को चोरों ने गांव के रहने वाले सुनील के घर में घुसकर घर में रखे 190000 रुपए, दो जोड़ी कुंडल और चांदी की पायल, पहलवान के घर में रखे 70000 रुपए नगदी और दो जोड़ी पायल, कालेस के घर में रखे 38000 रुपए नगदी व मां के जेवर उर्वेश के घर से 50000 रुपए की नकदी और दो जोड़ी पायल चोरी की थी। चोरी की घटना के बाद पुलिस व फोरेंसिक टीम की जांच के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना का खुलासा करने के लिए टीमों का गठन किया।
पुलिस की जांच में आसिफ पुत्र अब्दुल जलील,मुजीब पुत्र अली जान निवासी शेखूपुर थाना सिविल लाइन , सेबिन हसन पुत्र मुख्तियार,रिजवान पुत्र रफीक और राजिद पुत्र रफीक निवासी उझानी कोतवाली कछला का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर पांचों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने तमंचा, कारतूस, चार चाकू, छह जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुआ, दो अंगूठी, मंगलसूत्र ,कुंडल दो जोडी और 24700 रुपए बरामद किए हैं।
घटना का खुलासा करते हुए सहसवान कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इन लोगों ने दीपावली से पहले 11 नवंबर की रात को रैकी करके एक ही गांव के चार घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। यह पांचो बदमाश गिरोह बनाकर दूसरे थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। गिरफ्तार पांचो बदमाशों को लिखा पढ़त के बाद जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
अरविंद सिंह
