Monday, February 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचारपाई पर मिला महिला का शव, चोरी और हत्या का आरोप

चारपाई पर मिला महिला का शव, चोरी और हत्या का आरोप

शाहजहांपुर(हि.स.)। रामचन्द्र मिशन थाना के मोहल्ला सराय काईयां में बुधवार को एक महिला का शव घर के अंदर चारपाई पर मिला है। पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

रामचन्द्र मिशन थाना के मोहल्ला सराय काईयां निवासी श्यामू वर्मा का हाइवे के किनारे खेत है। बुधवार तड़के करीब ढाई बजे श्यामू खेत पर जाने के लिए उठे। श्यामू ने पत्नी सरोजनी (36) को जगाया और मुख्य द्वार अंदर से बंद करने की बात कह कर खुद खेत पर चले गए। करीब एक घण्टे बाद श्यामू की बड़ी बेटी कामिनी (14) की आंख खुली। उसने आंगन में चारपाई पर सो रही मां को जगाया, लेकिन सरोजनी नहीं उठी। कामिनी मोहल्ले में रह रहे अपने नाना-नानी के घर पहुंचकर पूरी घटना बताई।

इसके बाद उसके नाना-नानी, मामा व मोहल्ले के अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें सरोजनी मृत अवस्था में मिली। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर सुधीर जायसवाल व अन्य अधिकरियों ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने कामिनी व अन्य घरवालों से घटना की जानकारी ली।

श्यामू का कहना है कि घर में चोरी हुई है। कमरे में रखा संदूक खुला मिला है और उसमें रखे करीब ढाई लाख रुपये और जेवरात गायब है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर सुधीर जायसवाल ने बताया कि घटना के वक्त घर पर महिला और उसके तीन बच्चे थे। घरवाले घर में चोरी होने की बात कह रहे है, जबकि मृतक महिला की बड़ी बेटी का कहना है उसने घर में किसी प्रकार का कोई शोरशराबा नहीं सुना। जब वो उठी तो उसने चारपाई पर अपनी मां को मृत अवस्था में पाया। एएसपी का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए एक टीम गठित की गई है, जो गहनता से मामले की छानबीन कर रही है।

अमित/दीपक/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular