Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचन्द्रावल नदी के उफनाने से गांवों में घुसा पानी, 12वीं का छात्र...

चन्द्रावल नदी के उफनाने से गांवों में घुसा पानी, 12वीं का छात्र तेज बहाव में बहा, तलाश जारी

-दोस्तों के साथ बाढ़ देखने गया था छात्र, परिजनों में कोहराम, गोताखोर भी रेस्क्यू में जुटे

हमीरपुर (हि.स.)। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कैथी में उफना रही चंद्रावल नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 12वीं का छात्र डूब गया।

छात्र के डूबने की सूचना मिलते ही नदी किनारे ग्रामीणों का तांता लग गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। समाचार भेजे जाने तक युवक का सुराग नहीं लग सका।

सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कैथी गांव निवासी कामता प्रसाद अनुरागी का पुत्र उपेंद्र (17) गांव निवासी अपने दोस्त राघवेंद्र एवं नरेश के साथ गांव के समीप से गुजरी चंद्रावल नदी में नहाने गया था। चंद्रावल नदी इस समय केन, बेतवा, यमुना नदी में चल रही बाढ़ के कारण उफना रही है। यमुना नदी की बाढ़ का पानी केन नदी में पलट रहा है। केन नदी का पानी चंद्रावल नदी के सहारे उलटकर टोला गांव तक पहुंच गया है।

कैथी के पास यह नदी उफनाकर खेतों में जा घुसी है। इसी उफनाती नदी में उपेंद्र रविवार को करीब 1 बजे डूब गया। इसके डूबने की सूचना साथियों ने गांव वालों को दी। युवक के नदी में डूबने की सूचना पर ग्रामीणों का नदी किनारे तांता लग गया। ग्रामीणों ने घटना से थानाध्यक्ष वीपी सिंह को अवगत कराया। युवक के डूबने की सूचना पाकर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि नदी में बहुत ज्यादा पानी है और यह लगातार बढ़ रही है। इससे गोताखोरों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। समाचार भेजे जाने तक युवक का सुराग नहीं लग सका था। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। युवक क्षेत्र के ग्राम मुंडेरा में संचालित मौनी बाबा बीरभूमि इंटर कॉलेज में छात्र था।

RELATED ARTICLES

Most Popular