Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशचन्द्रशेखर हाफ मैराथन को सरकारी किए जाने की घोषणा पर परिवहन मंत्री...

चन्द्रशेखर हाफ मैराथन को सरकारी किए जाने की घोषणा पर परिवहन मंत्री का जताया आभार

बलिया (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की स्मृति में 19 अप्रैल को आयोजित हुए पंचम हाफ मैराथन की सफलता पर आयोजन समिति ने सभी के प्रति आभार जताया। राष्ट्र नायक चंद्रशेखर मैराथन समिति ने इस सम्बंध में बैठक कर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व जिला प्रशासन की भूमिका को सराहा।

समिति के सदस्यों ने उन सभी का आभार जताया जिनकी किसी न किसी प्रकार की भूमिका 21 किलोमीटर के हाफ मैराथन में थी। समिति के सचिव उपेंद्र सिंह ने कहा कि जिले की मिट्टी में पैदा हुए चंद्रशेखर देश के प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे और उसके बाद आजीवन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनके विशाल व्यक्तित्व के अनुरूप मैराथन का आयोजन कराना हर साल चुनौती रहती है, लेकिन जिले के लोगों द्वारा मिले सहयोग से यह विशाल आयोजन सकुशल हो पाता है।

समिति के सचिव ने कहा कि हाफ मैराथन के मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अगली बार से मैराथन को प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कराए जाने की घोषणा की है। इसके लिए उनका विशेष तौर पर हम आभार व्यक्त करते हैं। वहीं, हाफ मैराथन के पचखोरा से बलिया वीर लोरिक स्टेडियम के 21 किलोमीटर के रास्ते में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था करने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी धन्यवाद के पात्र हैं। पूरे रास्ते में मैराथन धावकों के गुजरने तक परिंदा भी पर नहीं मार सका।

उपेंद्र सिंह ने कहा कि मैराथन के रास्ते भर में जितने भी गांव हैं, सभी गांवों के लोगों ने देश-विदेश से आए धावकों पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की और अन्य कई प्रकार से सहयोग किया। जिससे धावक अच्छा अनुभव लेकर गए हैं। इसके लिए मैराथन के रास्ते में आने वाले सभी गांवों के लोगों का भी राष्ट्र नायक चंद्रशेखर मैराथन समिति अपनी ओर से धन्यवाद व्यक्त करती है। ऐसे सभी लोगों के सहयोग से मिली ऊर्जा अगली बार के हाफ मैराथन को और भी भव्य बनाने में सहयोग करेगी।

बैठक में सुखपुरा के प्रधान प्रतिनिधि उमेश सिंह ने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के लिए सहभोज देने की घोषणा की। इस अवसर पर प्रदीप यादव आदि उपस्थित रहे।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular