Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेश घोसी समाजवादी पार्टी की जीती हुई सीट थी, सीट बचाने में कामयाब...

 घोसी समाजवादी पार्टी की जीती हुई सीट थी, सीट बचाने में कामयाब हुए: जयवीर सिंह

वाराणसी(हि.स.)। घोसी विधानसभा उपचुनाव में सपा गठबंधन की जीत पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि हम लोग अपनी हार को स्वीकार करते हैं। घोसी में मिली हार की पार्टी समीक्षा करेंगी। घोसी समाजवादी पार्टी की जीती हुई सीट थी। सपा इसे बचाने में कामयाब हुई। दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर आए मंत्री जयवीर सिंह मीडिया से रूबरू थे। मंत्री ने कहा कि यह उपचुनाव राज्य और केंद्र की उपलब्धियां, सरकारों के परफॉर्मेंस के आधार पर हमलोगों ने चुनाव लड़ा। लेकिन स्थानीय स्थितियाें-परिस्थितियों के आधार पर चुनाव हुआ और निश्चित रूप से सपा अपनी सीट को बचाने में सफल रही।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जन कल्याणकारी विकास की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाया गया। उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य से उठाकर हिंदुस्तान का ग्रोथ इंजन बनाने का काम किया गया। पूरे प्रदेश में लोक कल्याण, जनकल्याणकारी योजनाओं को गरीब के दरवाजे तक पहुंचाया गया है। उन्होंने विरोधी दलों को निशाने पर लेकर कहा कि विपक्ष जब हारता है तो ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर ठीकरा फोड़ता है। लेकिन आज जीत के बाद चुप है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता यूपी की 80 सीटें भाजपा के झोली में डालने का काम करेगी। एक सवाल के जबाब में मंत्री ने कहा कि षड्यंत्र के तहत हमारे सनातन धर्म पर हमला किया जा रहा है। सनातन संस्कृति को मिटाने का काम बहुत बार किया गया।

बाबर से लेकर औरंगजेब तक पूरे मुगल काल में सनातन संस्कृति पर हमला किया गया लेकिन हमारी सनातन परंपरा नष्ट नहीं हुईं। बल्कि हमला करने वाले ही नष्ट हो गये। इस वर्ष सावन माह में बाबा विश्वनाथ के दरबार में चढ़ावे का रिकाॅर्ड से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों जब से काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का लोकार्पण हुआ है,तब से गुणात्मक रूप से श्रद्धालुओं की संख्या में रिकाॅर्ड वृद्धि हो रही है। इससे न केवल पर्यटन वरन प्रदेश की संस्कृति में चार-चांद लग गया है । नया उदाहरण प्रस्तुत हुआ है की पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में अपार संभावनाएं है। इसी तर्ज पर अयोध्या और मथुरा में भी कॉरिडोर विकसित होगा।

श्रीधर/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular