Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेश घोसी की जनता के काम को पूरा करने का समय नहीं मिला...

 घोसी की जनता के काम को पूरा करने का समय नहीं मिला – अरुण राजभर

लखनऊ (हि.स.)। घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जीत की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। इसको लेकर भाजपा की गठबंधन पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के महासचिव अरुण राजभर ने कहा कि घोसी उपचुनाव परिणाम में भाजपा के प्रत्याशी के पीछे होने पर भी हम सकारात्मक हैं। जितने घटक दल लगे थे, सभी ईमानदारी से लगे थे। जो काम घोसी की जनता मांग कर रही थी, उसे पूरा करने का समय नहीं मिला।

अरुण राजभर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उपचुनाव में स्थानीय नेताओं ने जनता के लिए काम करने में रुचि कम दिखायी है। उसके परिणाम सामने आ रहे हैं। हमसे कुछ कमियां रह गयी थीं। उसे आगे पूरा किया जायेगा। हम सभी जनता के निर्णय को स्वीकार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि घोसी की जनता ओमप्रकाश राजभर के साथ थी। सभी लोगों ने भाजपा प्रत्याशी के लिए मिलकर काम किया है। ईवीएम और प्रशासन पर हम ठीकरा नहीं फोड़ रहे हैं। विपक्ष को तय करना चाहिए कि आगे से ईवीएम पर कभी ठीकरा नहीं फोड़ेंगे। जनता के फैसले को सभी को स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हार जीत की चुनाव के बाद समीक्षा होती है। पार्टी स्तर पर भी समीक्षा की जायेगी। विपक्ष की पार्टी के प्रत्याशी ने मतगणना में शुरू से ही बढ़त बनायी हुई है। भाजपा प्रत्याशी के जीत के फैसले को जनता जनार्दन ने अपना समर्थन नहीं दिया।

शरद/दीपक/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular