Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशघर में सो रही मां-बेटी पर प्राणघातक हमला, पुलिस तलाश में जुटी

घर में सो रही मां-बेटी पर प्राणघातक हमला, पुलिस तलाश में जुटी

प्रयागराज(हि.स.)। जनपद के यमुनापार इलाके में खीरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेलई गांव में बुधवार की सुबह में घर में सो रही एक महिला और उसकी 17 वर्षीय बेटी पर धारदार हथियार से घातक हमला किया गया। जानकारी पाकर पहुंची पुलिस लहूलुहान हालत में दोनों को स्थानीय अस्पताल ले गई। जहां से दोनों को स्वरूपरानी रेफर कर दिया गया। हमला करने वाले व्यक्ति की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

बताया जाता है कि शीला आशा बहू है। इनके पति रमेश कुमार सूरत में नौकरी करते हैं। बीती रात शीला अपनी बेटी सीमा के साथ सो रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि शीला ने पूर्व कोटेदार सुरेश से जान का खतरा बताते हुए 10 जून को थाना दिवस पर शिकायत की थी। उसने कहा था कि सुरेश उसको धमकाता है और उस पर कभी भी हमला कर सकता है। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसका नतीजा आज जानलेवा हमले के रूप में सामने आया है। उसके पति रमेश को सूचना दी गई है, जिसके आने का इंतजार किया जा रहा है। घायल मां-बेटी को खीरी से शहर लाकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों की हालत गम्भीर बनी हुई है।

इस बारे में पुलिस का कहना है कि फरार आरोपित की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

विद्या कान्त/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular