बांदा (हि.स.)।जिले के बबेरू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसौली में घर में सोते समय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को घटना की जानकारी 7 घंटे बाद दी गई। इस बारे में परिजनों का कहना है कि फायरिंग रात को 1 बजे के आसपास हुई थी। सुबह देखा तो बेटे को गोली लगी हुई थी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
ग्राम परसौली निवासी रमेश ने बताया कि गांव के कुछ लोग रंजिश में मेरी और मेरे बेटों की हत्या करना चाहते हैं, इसके लिए कई बार उनके द्वारा धमकी भी दी गई है। इसके पहले भी मेरे बेटे पुष्पेंद्र की हत्या करने की कोशिश की गई थी लेकिन वह किसी तरह बच गया। शुक्रवार की रात मैं अपने दो मंजिले मकान में ऊपर था तभी रात को लगभग 1 बजे मैंने फायरिंग की आवाज सुनी थी। इसके बाद मैंने छत पर आकर देखा था लेकिन कुछ समझ नहीं आया जिससे सो गया था। सुबह 4 बजे जब नींद खुली तब मैं उठकर एक दुकान में चाय पीने गया वहां से लौट कर आया तब भांजी ने बताया कि मामा अनिल सिंह नीचे वाले कमरे में बेहोश पड़े हैं। तब मैं दौड़कर कमरे में गया और देखा की अनिल सिंह को गोली लगी थी और उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
इस बारे में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को सुबह लगभग 7 बजे थाने में सूचना दी गई की अनिल सिंह (24) की गोली लगने से मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलने पर मैंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया परिजनों के मुताबिक रात को लगभग 12 से 1 बजे के बीच गोली चलने की आवाज आई थी। सवेरे कमरे में देखा तो बेटे की लाश पाई गई। जिसकी किसी ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना की सभी एंगल से जांच की जा रही है जो भी साक्ष्य मिलेंगे उसके आधार पर घटना का खुलासा किया जाएगा।
अनिल/बृजनंदन
