Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशघर जा रहे पार्षद पर बाइक सवारों ने की फायरिंग, मुकदमा दर्ज

घर जा रहे पार्षद पर बाइक सवारों ने की फायरिंग, मुकदमा दर्ज

शाहजहांपुर (हि.स.)। रोजा थानाक्षेत्र में कार से घर जा रहे पार्षद पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पार्षद ने भाग कर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। पार्षद ने कुछ लोगों पर जमीनी विवाद के चलते हमला करने की आशंका जताई है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर सुधीर जायसवाल ने शनिवार को बताया कि रामचन्द्र मिशन थानाक्षेत्र के मोहल्ला ख्वाजा फिरोज निवासी पार्षद धीरेन्द्र सिंह चौहान और उनके चाचा अरुण सिंह शुक्रवार की देर रात मेजवान होटल पर खाना खाने गए थे। जिसके बाद धीरेन्द्र सिंह चौहान ने चाचा अरुण सिंह को मंडी गेट स्थित आवास पर उनको छोड़ा और कार से वापस अपने घर जा रहे थे। रोजा क्षेत्र में सिमरईया मंदिर के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को ओवरटेक किया और गाली गलौज करते हुए कार रोकने को कहा। हमलावरों से बचने के लिए पार्षद ने कार भगाई तो हमलावर ने पीछा किया। पार्षद की कार माईल स्टोन से टकराकर गई। इस दौरान पीछा कर रहे हमलावरों ने पार्षद पर फायरिंग शुरू कर दी। पार्षद ने कार को वहीं छोड़ दिया और खेतों में छिपते हुए अपने एक मित्र के घर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने पुलिस और घरवालों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों और फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का मौका मुआयना किया।

जायसवाल ने बताया की धीरेन्द्र सिंह चौहान ने जमीनी विवाद को लेकर प्रमोद कुमार पाण्डेय व उनके साथियों पर शक जाहिर किया है। पार्षद की तहरीर पर प्रमोद कुमार पाण्डेय और तीन अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने व कई अन्य धाराओं में रोजा थाने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस जांच कर रही है।

अमित/राजेश

RELATED ARTICLES

Most Popular