Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशघर-घर में सीता के निर्माण से ही राम की निर्मिति होगी :...

घर-घर में सीता के निर्माण से ही राम की निर्मिति होगी : शशि

–देश में समिति की 3000 शाखाएं व 62 सेवा प्रतिष्ठान

प्रयागराज (हि.स.)। राष्ट्र सेविका समिति राष्ट्र के लिए निःस्वार्थ भाव स्वप्रेरणा से सेवा करने वाली बहनों का संगठन है। हमें केवल घर-घर में सीता का निर्माण करना है, राम अपने आप मिल जाएंगे। हमें सशक्तिकरण की आवश्यकता नहीं है। हम सशक्त हैं, हमें केवल अपनी शक्ति को जगाने की आवश्यकता है।

उक्त विचार मुख्य वक्ता पूर्वी क्षेत्र की क्षेत्र प्रचारिका शशि ने सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी इण्टर कॉलेज में बुधवार को राष्ट्र सेविका समिति के प्रारम्भिक वर्ग का उद्घाटन करने के उपरांत व्यक्त किया। उन्होंने समिति के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जब हमारा देश गुलामी की बेड़ियों से जकड़े हुए था, 1936 में विजयदशमी के दिन नागपुर में हमारी आद्य संचालिका लक्ष्मीबाई केलकर उपाख्य मौसीजी ने इस संगठन का रोपण किया।

उन्होंने बताया कि मातृशक्ति ईश्वर की प्रतिनिधि है। संगठन का उद्देश्य तेजस्वी राष्ट्र का पुनर्निर्माण करना है। हम हवन में जाति पाति, अमीर-गरीब क्षेत्रादि की भिन्नता को हवन में स्वाहा करके ऐक्य भाव से राष्ट्र उत्थान की भावना लेकर आगे बढ़ेंगे। देश में समिति की 3000 शाखाएं 62 सेवा प्रतिष्ठान है। जिनमें सेवा, स्वावलम्बन एवं शिक्षा पर कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि सात दिनों के प्रशिक्षण में हम सीखेंगे कि अल्प संसाधनों में हम कितना बेहतर कर सकते हैं और भारत माता की साधना का व्रत लेकर हम यहां से जाएंगे।

बौद्धिक सत्र का प्रारम्भ मुख्य अतिथि संग शहर के व्यवसायी व समाजसेविका श्रीमती विनीता दुग्गल एवं प्रोफेसर (डॉ) मृदुला त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। वर्गाधिकारी श्रीमती मंजू दरबारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रांत कार्यवाहिका माया पांडेय, प्रांत सम्पर्क प्रमुख देवयानी, प्रांत तरुणी प्रमुख आभा, प्रांत प्रचार प्रमुख ऋचा नारायण, विभाग शारीरिक प्रमुख मोमी डे, प्रयागराज दक्षिण भाग कार्यवाहिका प्रिया तिवारी, प्रयागराज उत्तर भाग कार्यवाहिका पूनम पदाधिकारियों के रूप में उपस्थित रहीं।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular