– घटना देख परिजन हुए बेसुध, पुलिस कर रही आत्महत्या के कारणों की जांच
कानपुर (हि.स.)। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने घर के बाहर चबूतरे में बैठकर अपने कनपटी में देशी तमांचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने खून से लथपथ शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पंहुची पतारा चौकी पुलिस ने देशी तमंचे को कब्जे में लिया है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटना की जांच कर रही है।
घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के तरगाव गांव निवासी पतारा कस्बा के मोतीनगर मोहल्ला निवासी इंद्रपाल सिंह उर्फ छोटे सिंह परिवार के साथ रहते हैं। इनके 29 वर्षीय पुत्र शिवशरण उर्फ तन्नू ने मंगलवार सुबह अपने घर के बाहर बने चबूतरे में बैठकर अपनी कनपटी में सटाकर 315 बोर के देशी तमंचे से खुद को गोली मार ली और मौके पर मौत हो गई। परिजनों ने खून से लथपथ हालत में शव पड़ा देख डायल 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पतारा चौकी पुलिस ने देशी तमंचे को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू की है।
मामले में घाटमपुर सीओ सुशील कुमार दुबे ने बताया कि एक युवक ने तमंचे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। शव के पास से 315 बोर का देशी तमंचा मिला है। गोली मारकर आत्महत्या करने के पीछे कारणों की जांच की जा रही है। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम बुलाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
शाम से परेशान था, युवक
ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक शिवशरण सोमवार शाम काफी परेशान दिखाई दे रहा था। युवक किसी से फोन पर बात करते हुए चौराहे की ओर जा रहा था, जिसके बाद वह जब वापस घर लौटा तो उसके चेहरे पर परेशानी दिखाई दे रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी कर रही है। मामले में पतारा चौकी इंचार्ज विनीत मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है, युवक के गोली मारने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
महमूद/मोहित
