Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशघने कोहरे के चलते झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आपस में टकराई 10...

घने कोहरे के चलते झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आपस में टकराई 10 गाड़ियां

जालौन (हि.स.)। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 27 पर घने कोहरे के चलते 10 गाड़ियां आपस में टकरा गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर हाइवे का जाम खुलवाया।

पूरा मामला एट गिरथान क्षेत्र का है, यहां पर मंगलवार की सुबह घने कोहरे की वजह से झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर 10 वाहन एक के बाद एक आपस में टकरा गए। वाहनों के टकराने से वहां पर भीषण जाम लग गया। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया है। हादसे की खबर मिलते ही हाईवे अथॉरिटी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से बचाव कार्य शुरू किया और वाहनों को वहां से हटाकर हाईवे का जाम खुलवाया।

एट थानाध्यक्ष ने बताया कि हाइवे पर कई वाहनों के टकराने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस टीम पहुंची और राहत कार्य कराते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवा दिया गया है। वाहनों की आपस में टकराने की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

विशाल/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular