लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ होकर चलने वाली 04185 ग्वालियर-बरौनी स्पेशल ट्रेन के फेरे एक अगस्त से अगले आदेश तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी। फिलहाल इस स्पेशल ट्रेन की संचालन की अवधि 31 जुलाई तक है।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों की भीड़ को देखते 04185 ग्वालियर-बरौनी दैनिक स्पेशल ट्रेन के फेरे 01 अगस्त से अगले आदेश तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसी तरह से 04186 बरौनी-ग्वालियर दैनिक स्पेशल ट्रेन के फेरे 02 अगस्त से अगले आदेश बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा 05054 लखनऊ जंक्शन-छपरा स्पेशल ट्रेन का संचालन शनिवार रात 09 बजे अगले आदेश तक प्रतिदिन किया जाएगा। इसके पहले इस स्पेशल ट्रेन का संचालन सप्ताह में चार दिन किया जा रहा था।
निर्मल प्रसाद बने लखनऊ परिक्षेत्र के उप परिवहन आयुक्त
परिवहन विभाग ने प्रदेश कई संभागीय परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (एआरटीओ) के स्थानांतरण की सूची जारी कर दी है। सूची के अनुसार परिवहन आयुक्त मुख्यालय में तैनात निर्मल प्रसाद को उप परिवहन आयुक्त लखनऊ परिक्षेत्र बनाया गया है। जबकि लखनऊ की आरटीओ प्रवर्तन विदिशा सिंह को स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के अपर सचिव के पद पर तैनाती मिली है।
इसी क्रम में लखनऊ में तैनात आरटीओ संजय कुमार तिवारी को मिर्जापुर आरटीओ प्रशासन बनाया गया है। देवा रोड एआरटीओ अंकिता शुक्ला को आयुक्त मुख्यालय पर एआरटीओ प्रवर्तन बनाया गया और इस पद पर एआरटीओ सर्वेश अस्थाना की तैनाती की गई है। लखनऊ आरटीओ कार्यालय में तैनात एआरटीओ संजय कुमार गुप्ता को फिरोजाबाद का एआरटीओ प्रर्वतन बनाया गया है। इसके अतिरिक्त सौ के आसपास और भी तबादले हुए हैं। इसमें करीब 16 आरटीओ और 40 एआरटीओ इधर से उधर किए गए हैं। जबकि संभागीय निरीक्षक प्राविधिक के 15 और 16 यात्रीकर अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। परिवहन आयुक्त धीरज साहू ने स्थानांतरण की सूची को अंतिम रूप दिया है।
