– डिवाइडर, पाथ वे, विक्टोरियन लाइट व ग्रीन बेल्ट से निखरेगा सौंदर्य
कुशीनगर (हि.स.)। कुशीनगर को साफ सुथरा व प्रदूषण मुक्त करने की दिशा में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने पहल की है। योजना ग्रीन एण्ड क्लीन सिटी बनाने की है। प्रथम चरण में बैनेट क्लब से लेकर कसाडा चौक तक योजना को लागू किया जाएगा। सड़क को टू लेन कर यातायात को व्यवस्थित किया जाएगा। पटरियों से अतिक्रमण हटाकर खूबसूरत पाथ वे बनाया जाएगा। ग्रीन बेल्ट में लगे पाम के पौधों के बीच जलते विक्टोरियन लैम्प व नियोन लाइट रात में सड़क की सुंदरता को निखारने का कार्य करेंगे। पडरौना रोड पर फल मंडी के पीछे स्थित भूमि को ग्रीन पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए गुरुवार दोपहर को ड्रोन सर्वे किया गया।
1.5 किमी लम्बी सड़क के सुंदरीकरण के लिए बन रही इस योजना से नगर सुंदर दिखेगा ही निर्वाध रूप से आवागमन होने से जाम की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी। दरअसल इस रोड पर आए दिन लग रहे जाम का प्रमुख कारण सड़क पर डग्गामार वाहनों को खड़ा कर सवारियां भरना व पटरियों पर कब्जा है। लोनिवि गेस्ट हाउस के सामने से फल दुकानदारों को दूसरी जगह स्थान्तरित किया गया। किन्तु समस्या जस की तस बनी हुई है।
अन्तर-राज्यीय बस अड्डा के सामने की सड़क पर डग्गामार वाहन खड़ा कर चालक सवारियां भरते ही हैं। रोडवेज बस चालक भी परिसर में बस ले जाना उचित नहीं समझते। डिवाइडर बन जाने से बसों का सड़क पर खड़ा नहीं कर सकेंगे।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने बताया कि कुशीनगर अंतर-राष्ट्रीय पर्यटन स्थली होने के साथ साथ यहां हवाईअड्डा भी बन गया है। इस अनुरूप नगर का विकास भी दिखना चाहिए। नगर की सभी सड़कों को सुंदर व प्रदूषण फ्री बनाया जायेगा। अभी यह प्रयोग बैनेट क्लब से लेकर कसाडा चौक तक किया जा रहा है। एक समय बाद नगर ग्रीन व क्लीन सिटी के रूप में दिखेगा।
गोपाल
