– मुठभेड़ में बदमाश की फायरिंग में सिपाही घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
बस्ती (हि.स.)। जनपद के परसरामपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम की बदमाशों से हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया है। इस मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हो गया है। घायल गिरफ्तार बदमाश और सिपाही को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ ने मंगलवार को बताया कि परसरामपुर थाना क्षेत्र में विगत दिनों ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के ऊपर फायरिंग करके भागने वाले अभियुक्त को पुलिस की टीमें तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने 18 घंटे के अन्दर कार्यवाही करते हुए ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के ऊपर फायरिंग की घटना में वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है।
एएसपी दीपेन्द्र नाथ ने बताया कि मंगलवार सुबह 4:30 बजे पंचमुखी चौराहा भेदूगवां गांव के पास पुलिस को वांछित अभियुक्त के होने की सूचना मिली। जानकारी पर पुलिस और एसओजी की टीमों ने घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देख अभियुक्त शिवम सिंह ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जिसमें कांस्टेबल विजय यादव के दाहिने हाथ से गोली रगड़ती हुई निकल गई। जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली जा लगी और वह गिर गया।
एएसपी ने बताया कि पुलिस ने अभियुक्त शिवम को गिरफ्तार कर उसके पास से 32 बोर का एक पिस्टल तथा दो खोखा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल सिपाही तथा अभियुक्त दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें आगे की कार्रवाई की जा रही है।
महेंद्र
