Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या, पुलिस चौकी में तोड़फोड़, कई वाहन...

ग्राम प्रधान की गोली मारकर हत्या, पुलिस चौकी में तोड़फोड़, कई वाहन आग के हवाले

आजमगढ़। जिले में हौसला बुलंद बदमाशों ने तरवा थाना क्षेत्र के बांसगांव के ग्राम प्रधान की शुक्रवार की देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगाकर जमकर उपद्रव किया। इस दौरान पथराव, पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और वाहनों को आग के हवाले कर दिया है। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं, और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं।

तरवां थाना क्षेत्र के बांसगांव के ग्राम प्रधान सत्यमेव जयते उर्फ पप्पू राम शुक्रवार को गांव के बाहर स्थित एक निजी स्कूल के समीप जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने ग्राम प्रधान को पहले बुलाया और नजदीक आने पर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए इसकी जानकारी खुद ग्राम प्रधान के घर दी और फरार हो गये। 

ग्राम प्रधान की हत्या की जानकारी के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गये। उन्होंने सड़क जामकर प्रदर्शन किया। तोड़फोड़ के साथ कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों के आक्रोश के आगे पुलिस बेबस नजर आयी। वही सूत्रों के मुताबिक ग्रामीणों ने रासेपुर पुलिस चौकी में भी तोड़फोड़ करने के साथ आग लगाने की भी कोशिश की। खबर लिखे जाने तक मौके पर स्थिति तनावपूर्ण है आला अधिकारी मौके पर जमे हुए है। इस घटना के संबन्ध में पुलिस और  प्रशासन का कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular