Tuesday, February 17, 2026
Homeमंडलबस्ती मंडलगौर प्रकरण में पुलिस ने अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया

गौर प्रकरण में पुलिस ने अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया

बस्ती(हि.स.)। गौर थानाक्षेत्रान्तर्गत एक गांव में बिरादरी की पंचायत में हुए फैसले के बाद एक नाबालिग प्रेमी जोड़े के मुंह पर कालिख पोता गया। बाद में उन्हें जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। बुधवार को सोशल मीडिया में सार्वजनिक हुई इस वीडियो को पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने संज्ञान में लिया है। पुलिस ने इस मामले में गांव के विनय, राजकुमार, हनुमान, पवन समेत 13 नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

15 लोगों की हो चुकी गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक बुधवार को घटनास्थल पर स्वयं पहुंचकर मौका मुआयना किया। पीड़ित प्रेमीजोड़े से उनका हालचाल लिया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। थाना प्रभारी गौर संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित लड़के की मां से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अभी तक 15 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्य की तलाश जारी है। लड़का व लड़की को मेडिकल कराया गया है।

पंचायत के फैसले पर घुमाया गया

गौर थाना क्षेत्र के गांव में एक ही जाति के लड़के व लड़की के बीच अच्छी दोस्ती हुई। दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। दो दिन पूर्व गांव में लोगों ने उन्हें देख लिया और इसको लेकर मंगलवार को बिरादरी के लोगों ने पंचायत बैठा दी। इस पंचायत में दोनों की बात सुनने की बजाए सजा सुना दी । पंचायत में ही दोनों के मुंह पर कालिख पोता गया और जूते-चप्पल की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। पंचायत के इस फैसले के बाद दोनों के घरवाले भी असहाय बने रहे।

बोले पुलिस अधीक्षक

एसपी आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि यह मामला काफी गंभीर है। प्रकरण संज्ञान में आते ही थाना प्रभारी गौर को त्वरित कार्यवाही का निर्देश दिया गया। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular