संवाददाता
गोण्डा। सनातन धर्म परिषद एवं श्री तुलसी जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष डा. स्वामी भगवदाचार्य ने जिले के परसपुर विकास खण्ड में प्रस्तावित राजकीय विश्वविद्यालय का नामकरण श्रीराम चरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास के नाम पर किए जाने की मांग की है। डा. भगवदाचार्य ने रविवार को यहां आयोजित एक पत्रकार वार्ता में बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर गोण्डा में प्रस्तावित विश्वविद्यालय का नाम गोस्वामी तुलसीदास विश्वविद्यालय करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। राज्य में एक्सप्रेस वे व राजमार्गों का जाल बिछाने के साथ ही सरकार ने स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सहारनपुर में मां शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, अलीगढ़ में राजा महेन्द्र सिंह विश्वविद्यालय, गोरखपुर में गुरु गोरखनाथ आयुष विश्व विद्यालय, आजमगढ़ में महाराजा सोहेल देव विश्व विद्यालय तथा गोण्डा में महाराजा देबीबख्श सिंह मेडिकल कालेज की स्थापना की जा चुकी है। इसी क्रम में अयोध्या की सांस्कृतिक सीमा के अन्तर्गत सरयू नदी के तट पर परसपुर विकास खण्ड के डोमा कल्पी गांव में राज्य विश्वविद्यालय खोले जाने की प्रक्रिया भी प्रचलित है। यह स्थान गोस्वामी तुलसीदास की जन्म स्थली राजापुर तथा उनके गुरु नरहरि दास के आश्रम सूकरखेत (पसका) से काफी पास में ही है। डा. भगवदाचार्य ने कहा कि मानस के रचनाकार के नाम पर इस विश्वविद्यालय का नामकरण किए जाने से न केवल अयोध्या व देवीपाटन मण्डल वासियों अपितु सनातन धर्म परिषद व श्रीतुलसी जन्म भूमि न्यास से जुड़े देश-विदेश के हजारों श्रद्धालुओं में प्रसन्नता होगी। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास विश्व के महान कवियों में एक हैं। उनका रामचरितमानस झोपड़ी से लेकर महलों तक लोकप्रिय है।
उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली के संरक्षण एवं विकास के लिए सनातन धर्म परिषद व श्रीतुलसी जन्म भूमि न्यास पिछले करीब तीन दशक से सक्रिय है, किन्तु इस बीच भारत सरकार द्वारा चौरासी कोसी परिक्रमा मार्ग के विकास के क्रम में गोस्वामी जी की जन्मस्थली को फोरलेन सड़क से जोड़े जाने के दृष्टिगत विकास की अपार संभावना के मद्देनजर निजी स्वार्थवश कुछ लोगों द्वारा नई संस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका इस प्रकार का कृत्य अनुचित तथा असंवैधानिक होगा। प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र ओझा पट्टू व वरिष्ठ पत्रकार जानकी शरण द्विवेदी भी मौजूद थे।
यह भी पढ़ें : मूक बधिरों की सम्पत्तियों के अविधिक बैनामों पर DM सख्त
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
