Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगोलीकांड अपडेट : घायल छात्र ने भी दिल्ली में तोड़ा दम

गोलीकांड अपडेट : घायल छात्र ने भी दिल्ली में तोड़ा दम

– बीती शाम परिजन हालत की गंभीरता को देखते हुए छात्र को ले गए थे सफदरगंज

झांसी (हि.स.)। बीते रोज दिनदहाड़े बुन्देलखण्ड महाविद्यालय की कक्षा में घुसकर छात्र को गोली मारने के बाद सीपरी बाजार के गोंदू कम्पाउण्ड में छात्रा को गोली मारकर हत्या की गई थी। वहीं घायल छात्र को उसके परिजन गंभीर हालत में देर शाम झांसी मेडिकल काॅलेज से दिल्ली सफदरगंज हाॅस्पिटल ले गए थे। वहां शनिवार की दोपहर छात्र ने भी दम तोड़ दिया। मेडिकल काॅलेज में चिकित्सकों ने भी छात्र की गंभीर हालत के चलते दिमाग में फंसी गोली को निकालने से हाथ खींच लिए थे। 
करीब 24 घंटे तक जिंदगी से जंग लड़ते हुए सफदरगंज हाॅस्पिटल में भर्ती घायल छात्र हुकमेन्द्र सिंह गुर्जर ने भी शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे दम तोड़ दिया। यह जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी के सीयूजी नंबर पर फोन के द्वारा प्राप्त हुई। उसके परिजन उसे बीती शाम बेहतर उपचार के लिए दिल्ली ले गए थे। यहां मेडिकल काॅलेज में उसकी गंभीर हालत और पूरे सिर समेत चेहरे पर सूजन आ जाने के चलते चिकित्सकों ने आपरेशन कर गोली निकालने से परहेज किया था। जबकि गोली लगने से बीते रोज ही छात्रा कृतिका को मेडिकल काॅलेज में मृत घोषित कर दिया था। इस प्रकार विद्या के मंदिर से शुरु हुआ खूनी खेल का सफर दिल्ली के सफदरगंज हाॅस्पिटल में थमा।  
गौरतलब है कि, राजनीति की नर्सरी कहे जाने वाले बुन्देलखण्ड महाविद्यालय (बीकेडी कॉलेज) में एमए मनोविज्ञान के छात्र मंथन सिंह सेंगर ने उसी कॉलेज और उसी की कक्षा में पढ़ने वाले अपने साथी छात्र हुकमेंद्र सिंह गुर्जर को शुक्रवार की दोहपर पीछे से सिर पर गोली मार दी थी। कक्षा में अपने साथी को मौत के मुंह में पहुंचाकर वह भागकर सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित चाणक्यपुरम जा पहुंचा और वहां छात्रा कृतिका त्रिवेदी को उसके घर में घुसकर गोली मार दी। गोली कृतिका के गले में लगी थी। जिसके चलते मेडिकल काॅलेज में उसे मृत घोषित किया गया था। जबकि हुकमेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई थी। उधर इस गोलीकांड को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे मंथन को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किये गये थे। आज घायल हुकमेन्द्र की भी जीवनलीला समाप्त हो गई। इस दोहरे हत्याकांड से काॅलेज के छात्र-छात्राओं में दहशत का माहौल है। 
तीन दिन बंद रहेगा महाविद्यालयबीते रोज हुए दोहरे हत्याकांड के चलते पुलिस व प्रशासन ने बुन्देलखण्ड महाविद्यालय में पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं 22 फरवरी तक महाविद्यालय को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। मामले में चहुं ओर तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular