Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर : 24 घंटे बाद मिली लापता दो बच्चों की पोखरे में...

गोरखपुर : 24 घंटे बाद मिली लापता दो बच्चों की पोखरे में लाश

गोरखपुर (हि.स.)। थाना क्षेत्र सहजनवां से लापता दो बच्चों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। ये दोनों बच्चे रविवार को लापता हो गए थे। सोमवार को इनकी लाश गांव स्थित एक पोखरे में मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना स्थल के पास से ही बच्चों की साइकिल भी बरामद हुई है। फिलहाल इनकी मौत को एक हादसा मानकर पुलिस तफ्तीश कर रही है। इधर, स्थानीय लोग इन बच्चों की मौत को हत्या मान रहे हैं और इसे एक हादसे का रूप देने की कोशिश का आरोप लगा रहे हैं। बहरहाल, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

बता दें कि बीते 03 जून को भी खजनी इलाके से भी एक साथ तीन बच्चियां अचानक गायब हुई थी। देर रात गांव के गड्ढे में भरे पानी में तीनों का शव पुलिस ने बरामद किया था।

यह है मामला

सहजनवा इलाके के बड़गो निवासी शत्रुघ्न पाण्डेय का 08 वर्षीय बेटा शिवानंद और सदरे आलम का 10 वर्षीय बेटा कोहिनूर रविवार की सुबह घर से घूमने निकले थे। देर शाम तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे। परेशान परिवारीजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका। फिर, इसकी सूचना रविवार की शाम पुलिस को दी गई। पुलिस ने बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कर तलाश कर रही थी।

घर से दो किमी दूर पोखरे में मिली लाश

ग्रामीणों ने सोमवार को भैंसला के पास पोखरे में दोनों बच्चों की लाश उतराता हुआ देखा। इसकी सूचना पुलिस और परिवारीजनों की दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बच्चों की पहचान की। दोनों बच्चे पट्टी धर्मदास के पास एक निजी विद्यालय सेंट लारेंस पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। दोनों कक्षा दो के छात्र थे।

सब इंस्पेक्टर रणजीत तिवारी का कहना है कि बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वस्तुस्थिति की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular